शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगें। गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु के नाम का ऐलान किया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार आने वाले पांच साल में वह सभी वादे पूरे करेगी, जो चुनाव के दौरान पीएम मोदी और पार्टी के अन्य बड़े नेताओं ने किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास होगा।
शुभेंदु ने कहा कि वह बातें कम करेंगे और काम ज्यादा करने पर जोर देंगे। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आरजी कर और संदेशखाली के मुद्दों पर दोबारा जांच शुरू होगी। उन्होंने कहा, "हम प्रधानमंत्री की गारंटी पूरी करेंगे। आने वाले दिनों में 60% लोगों को हमारे पास लाना होगा।" अपने भाषण के दौरान, अधिकारी ने सभी विधायकों से कहा कि वे खड़े होकर प्रधानमंत्री मोदी की लीडरशिप और पार्टी की जीत में उनकी भूमिका को पहचान देने के लिए एक मिनट के लिए तालियां बजाएं।
बंगाल को फिर सांस्कृतिक राजधानी बनाने का वादा
शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कोलकाता में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी गारंटी दी है, राज्य में बीजेपी सरकार सभी जिम्मेदारियों को पूरा करेगी।” उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े केस फिर से खोले जाएंगे। बंगाल में पार्टी का एकमात्र मोटो ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों मिलकर पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए काम करेंगे। अधिकारी ने आगे कहा, “हम महिलाओं की सुरक्षा पक्का करेंगे, राष्ट्रवाद जगाएंगे और पश्चिम बंगाल को फिर से देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाएंगे।”
टीएमसी के भ्रष्टाचार की जांच होगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु को बिना किसी विरोध के बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद बीजेपी विधायकों और नेताओं को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा, "भोई बाहर है और, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा अंदर है। 'मैं' नहीं, बल्कि 'हम'बीजेपी सरकार मिलकर लीडरशिप के सिद्धांत पर काम करेगी। बंगाल के लोगों ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम बंगाल में बीजेपी के चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे करेंगे। केंद्र और राज्य मिलकर बंगाल के लोगों की उम्मीदों को पूरा करेंगे।" उन्होंने कहा, "रिटायर्ड जज की अगुवाई में एक कमीशन सभी करप्शन केस की जांच करेगा। कमीशन महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं की भी जांच करेगा और दोषियों को सजा दी जाएगी।"
यह भी पढ़ें-
हो गया फाइनल! शुभेंदु अधिकारी ही बनेंगे बंगाल के अगले CM, कल सुबह 11 बजे लेंगे शपथ