1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'बंगाल में मर चुका लोकतंत्र, लोकसभा चुनाव में 50 लाख हिंदुओं को नहीं देने दिया गया वोट'- सुवेंदु अधिकारी

'बंगाल में मर चुका लोकतंत्र, लोकसभा चुनाव में 50 लाख हिंदुओं को नहीं देने दिया गया वोट'- सुवेंदु अधिकारी

 Published : Jul 14, 2024 03:47 pm IST,  Updated : Jul 14, 2024 04:26 pm IST

पश्चिम बंगाल में हुए लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बंगाल के 50 लाख हिंदुओं को वोट नहीं देने दिया गया।

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी- India TV Hindi
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल की 4 विधानसभा सीटों में हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की है। इसके पहले लोकसभा चुनाव में भी टीएमसी ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की थी। राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर निशाना साधा है।

50 लाख हिंदुओं को वोट नहीं देने दिया गया

सुवेंदु अधिकारि ने कहा, 'बंगाल में लोकतंत्र मर चुका है। हमने आज एक जन आंदोलन शुरू किया है। लोकसभा चुनाव में लगभग 50 लाख हिंदुओं को वोट नहीं देने दिया गया। राज्य में हुए 4 उपचुनावों में 2 लाख से अधिक हिंदुओं को वोट नहीं देने दिया गया। मैं एक पोर्टल लॉन्च कर रहा हूं। जिन्हें वोट देने की अनुमति नहीं दी गई, वे अपना पंजीकरण करा सकते हैं और पूरी गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी। मैं कानूनी लड़ाई भी शुरू करूंगा।'

सुवेंदु अधिकारी ने राजभवन के बाहर दिया धरना

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य में कथित चुनाव बाद हुई झड़पों के खिलाफ रविवार को राजभवन के बाहर धरना दिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और तपस रॉय, रुद्रनील घोष समेत 300 भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

अधिकारी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का किया था रुख

कलकत्ता हाई कोर्ट ने बीजेपी को 14 जुलाई को सुबह 10 बजे से चार घंटे के लिए राजभवन के बाहर धरना देने की अनुमति दी थी। अधिकारी ने राजभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मांगते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था। सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पिछले साल पांच अक्टूबर को इसी स्थान पर इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया था

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।