1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, TMC सरकार की विदाई तय: नड्डा

बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, TMC सरकार की विदाई तय: नड्डा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 06, 2020 03:45 pm IST,  Updated : Jul 06, 2020 04:31 pm IST

जे पी नड्डा ने सोमवार पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ एक बड़े अभियान की शुरुआत करते हुए मौजूदा टीएमसी सरकार पर राजनीति का अपराधीकरण और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, TMC सरकार की विदाई तय: नड्डा- India TV Hindi
बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, TMC सरकार की विदाई तय: नड्डा Image Source : FILE

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ एक बड़े अभियान की शुरुआत करते हुए मौजूदा टीएमसी सरकार पर राजनीति का अपराधीकरण और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल से अब टीएमसी विदाई तय है और इस सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार अपनी नई ऊंचाईयों को छू रहा है। यहां हालात बदलने की जरूरत है। जेपी नड्डा ने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत के लिए किये गए संघर्ष की तारीफ की वहीं प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती ऐसे समय में मना रहे हैं जब मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर उनके सपने को पूरा किया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ श्यामा प्रसाद मुखर्जी हैं जिन्होंने देश को एकजुट रखने की लड़ाई लड़ी और आदर्शों व सिद्धांतों को हमेशा सर्वोपरि रखा, वहीं दूसरी तरफ आज की वर्तमान तृणमूल कांग्रेस की सरकार है जिसके लिए पद पर बने रहने के लिए हर समझौता स्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज राजनीति का अपराधीकरण नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। हमने नहीं सुना था कभी, लेकिन आज कल सुनता हूं। कट मनी, कट मनी, कट मनी। कट द साइज ऑफ़ सच लीडर्स इन कमिंग टाइम्स। इनके साइज को कट करना है। ’’

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुखर्जी के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब बारी बंगाल के गौरव को पुन:स्थापित करने की है। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक दृष्टि से बंगाल को हमें ऊंचाइयों पर ले जाना है। विद्या की दृष्टि से उसे ऊपर उठाना है और जो बंगाल का गौरव था उस गौरव को स्थापित करना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस संकल्प के लिए वर्तमान सरकार, जो हर तरीके से नुकसान पहुंचा रही है, को बाहर करना है और वहां भाजपा का शासन लाना है। यह हमारी जिम्मेदारी है इसको हम को पूरा करना पड़ेगा ।’’

उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश को दृष्टि दी है, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन आज के दिन जब वहां शिक्षा की स्थिति और वर्तमान बंगाल के नेतृत्व को देखता हूं तो दिल द्रवित और दुखी होता है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘शिक्षा एकदम नीचे पहुंच गयी है। राजनीतिकरण हो रहा है। आज बंगाल का हाल क्या हो गया है कि आप किस पार्टी को वोट देते हैं, इस पर तय होगा कि आपको शिक्षा में कहां स्थान दिया जाएगा। राजनीति का स्तर इतना गिर गया है कि वहां हर चीज का राजनीतिकरण कर दिया गया है।’’ मौजूदा स्थिति को बंगाल के लिए ‘‘बहुत दुखदायी’’ करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने शिक्षा के क्षेत्र में बंगाल को जो ऊंचा स्थान दिया, उसे फिर से वहां पहुंचाना है।

नड्डा ने आरोप लगाया कि आज पश्चिम बंगाल में पद की लोलुपता इतनी अधिक हो गई है कि वहां के नेता पद के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं। पद पर बने रहने के लिए वे सभी प्रकार के समझौते कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज अपराधीकरण इतना ज्यादा हो गया है, यह दुख की बात है। यह बंगाल के लिए एक संकट का प्रश्न है।’’ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भाजपा की विचारधारा को दबाने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जेल में डालने का आरोप लगाते हुए नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आहृवान किया कि वे विचारों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा, ‘‘जहां बल का प्रयोग होता है वहां विचारधारा समाप्त होती है। आज बंगाल जो विचार से ओतप्रोत है, उसके विचार को कुंठित करने का काम वर्तमान सरकार कर रही है। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जेल में डाल दो। उनके खिलाफ केस लगा दो। उनके खिलाफ नारकोटिक्स के केस लगा दो।’’

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।