पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में सरकारी योजना की राशि को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक स्थित गोगला ग्राम पंचायत में अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने के आरोप को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। सोमवार को नाराज ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान का घेराव किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पंचायत प्रधान की ओर अंडे भी फेंके। हालांकि, सूचना मिलने पर लाउदोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। चलिए जानते हैं कि आखिर क्या है पूरा मामला।
ग्राम पंचायत में हंगामा
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि गरीब परिवारों की महिलाओं ने काफी पहले अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए आवेदन पत्र जमा किए थे, लेकिन पंचायत स्तर पर उन फॉर्मों को आगे नहीं भेजा गया। उनका कहना है कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा, जबकि संपन्न परिवारों के लोगों को राशि मिल रही है।
लाभार्थियों का आरोप: नहीं किए गए फॉर्म जमा
एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि पंचायत में "पहचान और पक्षपात" के आधार पर काम हो रहा है। उनके अनुसार, जिन लोगों के बड़े मकान हैं और जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं, उन्हें भी योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि वास्तविक गरीब परिवारों की महिलाओं के खातों में अब तक एक भी रुपया नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द राशि नहीं मिली तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पात्र गरीब महिलाएं योजना से वंचित
वहीं, एक स्थानीय महिला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी पात्र महिलाओं के खातों में योजना की राशि भेजने की बात कही थी। उनका सवाल है कि अगर ऐसा है, तो गरीब महिलाएं लाभ से वंचित क्यों हैं। उन्होंने मांग की कि जिन-जिन महिलाओं ने आवेदन किया है, उन सभी के खातों में राशि भेजी जाए और पंचायत कार्यालय आवेदन पत्रों की स्थिति सार्वजनिक करे।
प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और नाराज लोगों ने पंचायत प्रधान की ओर अंडे फेंके। हालात बिगड़ते देख लाउदोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत कराया और स्थिति पर नियंत्रण पाया। घटना के बाद गोगला ग्राम पंचायत क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
(नोट: प्रदर्शनकारियों ने पंचायत प्रधान पर ये आरोप लगाए हैं। समाचार लिखे जाने तक पंचायत प्रधान या प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।)
(रिपोर्ट- बीजू मंडल)
ये भी पढ़ें- TMC के फ्रीज बैंक खातों पर कलकत्ता हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, इन शर्तों के साथ कर सकेंगे दोबारा इस्तेमाल
गेट पर लटका रहा ताला, छुट्टी के बाद स्कूल में कैद हो गई शिक्षिका, अभिभावकों को लगाए फोन