पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। पहले चरण में मतदान 93.19 फीसदी हुआ था जिसने नया रिकॉर्ड बनाया। इस बंपर वोटिंग के साथ बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण के 142 सीटों के लिए भी रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस तरह से दोनों चरण की वोटिंग का प्रतिशत 92.93 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो बंगाल में लोकतांत्रिक भागीदारी की मजबूत तस्वीर पेश करता है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है। पहले चरण के मतदान के बाद 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान भी छिटपुट प्रदर्शन के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
कहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग
अब तक के प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा वोटिंग पूर्बा बर्धमान जिले में 93.83 प्रतिशत हुई है, दूसरे नंबर पर साउथ 24 परगना है, जहां वोटिंग का प्रतिशत 93.48 रहा, तीसरे नंबर पर नॉर्थ 24 परगना रहा जहां वोटिंग प्रतिशत 92.92 रहा। बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव हुए हैं और अब चार मई को रिजल्ट का इंतजार है। बंगाल में सरकार बनाने के लिए विधानसभा की 148 सीटों की जरूरत होगी।
देखें पूरी लिस्ट

मतदान के बाद पश्चिम बंगाल सहित अन्य चार राज्यों के भी एग्जिट पोल सामने आए हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक तीन सर्वे में पश्चिम बंगाल में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है तो वहीं टीएमसी को इस बार के चुनाव में तगड़ा झटका लगने का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक राज्य में बीजेपी को 42.8 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है तो वहीं टीएमसी के खाते में 41.4 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। हालांकि ये एग्जिट पोल के आंकड़े हैं, आखिरी रिजल्ट के लिए सबकी निगाहें चार मई पर टिकी हैं।