पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न करा लिए गए हैं। राज्य में पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं, 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर वोटिंग कराई गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दोनों ही चरण में 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है जो कि एक रिकॉर्ड है। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद सामने आए करीब-करीब सभी एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाई जा रही है और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पिछड़ती हुई दिख रही। हालांकि, आज गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने वीडियो संदेश जारी किया है और चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा दावा कर दिया है।
क्या बोलीं ममता बनर्जी?
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा बयान जारी किया है। काउंटिंग से पहले वीडियो संदेश जारी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा है कि TMC 2026 के चुनाव में 226 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में मां-माटी-मानुष की सरकार बनाने वाले हैं। ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने अपनी पूरी मशीनरी लगा दी लेकिन जीत हमारी होगी। उन्होंने कहा कि 19 राज्यों से भाजपा के नेता बंगाल की जनता को डराने आए थे।
पश्चिम बंगाल में चुनाव समाप्त होने के एक दिन बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान केंद्रीय बल भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल' के अनुमान भाजपा के निर्देश पर प्रसारित किए गए ताकि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराया जा सके।
बीजेपी के सत्ता में आने के संकेत
चुनाव के बाद सामने आए लगभग सभी एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी के सत्ता में आने के संकेत मिल रहे हैं। मैटेराइज की ओर से जारी किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा पश्चिम बंगाल में 146 से 161 सीट जीतकर सरकार बना सकती है। वहीं, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस चुनाव में 125 से 140 सीट पर सिमट सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 मई को सामने आएंगे। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और किसी भी दल को बहुमत के लिए 148 विधानसभा सीटें जीतनी होंगी।
ये भी पढ़ें- West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड तोड़ मतदान, जानें कहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग