बहरामपुर: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पड़ने वाली बहरामपुर विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण सीट है। यह पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित और राजनीतिक रूप से संवेदनशील सीटों में से एक है। बहरामपुर लंबे अर्से से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। खासतौर से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी इस इलाके के प्रभावशाली नेता रहे हैं और उन्होंने इस क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत बनाए रखा है। हालांकि समय बीतने के साथ ही बंगाल की राजनीति में बदलाव आया और वामदलों के किले को ध्वस्त कर ममता बनर्जी ने मजबूत पकड़ बनाई। इस सीट पर कई चुनावों में त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिला जिसमें कांग्रेस, टीएमसी और वामदल शामिल रहे।
Related Stories
दिलचस्प मुकाबले के आसार
इस बार के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं। कांग्रेस ने इस विधानसभा सीट से अधीर रंजन चौधरी को टिकट दिया है। अधीर रंजन चौधरी का इस इलाके में अच्छा-खासा प्रभाव है। वे लोकसभा के सांसद भी रह चुके हैं। वहीं टीएमसी ने नारू गोपाल मुखर्जी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि बीजेपी के टिकट से सुब्रत मैत्रा चुनाव में ताल ठोंक रहे हैं।
कांग्रसे को जहां परंपरागत मजबूत आधार, खासकर मुस्लिम और पुराने कांग्रेस समर्थकों का वोट मिलने की उम्मीद है वहीं टीएमसी सत्ता और संगठन की ताकत के साथ ही ग्रामीण इलाकों में अपनी मजबूत पकड़ का फायदा उठाने की कोशिश करेगी वहीं बीजेपी हाल के वर्षों में पार्टी के उभार और खासकर शहरी और युवा वोटर्स में प्रभाव का पूरा लाभ लेने की कोशिश करेगी।
2021 के चुनाव नतीजे
वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प और बहुकोणीय था। बीजेपी उम्मीदवार सुब्रत मैत्रा ने इस सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार नारू गोपाल मुखर्जी को हराया था। सुब्रत मैत्रा को कुल 89,340 वोट हासिल हुए थे जबकि नारू गोपाल मुखर्जी को 62,488 वोट मिले थे। सुब्रत मैत्रा को 45.21 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि नारू गोपाल मुखर्जी को 31.62 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। वहीं कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही थी। कांग्रेस उम्मीदवार मनोज चक्रवर्ती को 40,167 वोट मिले थे
2016 के चुनाव नतीजे
वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मनोज चक्रवर्ती ने इस सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार को 93 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। मनोज चक्रवर्ती को कुल 1,27,308 वोट हासिल हुए थे जबकि टीएमसी की डॉ. सुजाता बनर्जी को 35,035 वोट मिले थे। वहीं बीजेपी उम्मीदवार को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव नतीजे 4 मई 2026 को सामने आएंगे।