1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'CAA तेजी से लागू होगा, घुसपैठियों को बाहर भेजेंगे', PM मोदी का बंगाल में तूफानी चुनाव प्रचार

'CAA तेजी से लागू होगा, घुसपैठियों को बाहर भेजेंगे', PM मोदी का बंगाल में तूफानी चुनाव प्रचार

 Published : Apr 11, 2026 10:01 pm IST,  Updated : Apr 11, 2026 10:01 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में अपनी अलग-अलग रैलियों में CAA तेजी से लागू करने, UCC लाने और घुसपैठियों पर कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और हिंसा के आरोप लगाए।

West Bengal Assembly Elections 2026, Narendra Modi Bengal rally, CAA implementation India- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में तूफानी चुनाव प्रचार किया। Image Source : PTI

जंगीपुर/कुशमंडी/कटवा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में आयोजित चुनावी रैलियों में तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और राज्य में बीजेपी की सरकार बनने पर कई बड़े वादों को पूरा करने की बात कही। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UGC) लागू करने, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज करने और कथित ‘सिंडिकेट राज’ को खत्म करने का संकल्प दोहराया।

'बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे'

मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी 'तुष्टीकरण की राजनीति' को समाप्त करने के लिए UCC लागू करेगी और 'बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी।' उन्होंने चुनाव को राज्य की पहचान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई बताया। पीएम मोदी ने कहा, 'देश की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। बीजेपी का संकल्प है कि पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए समाप्त करने के वास्ते UCC लागू किया जाये।'

'TMC घुसपैठियों के मतों से सरकार बनाना चाहती हैं'

पीएम मोदी ने TMC पर आरोप लगाया कि उसने ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे को छोड़कर 'घुसपैठियों और वोट बैंक की राजनीति' को अपना लिया है। उन्होंने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस 'मां-माटी-मानुष' का नारा लगाकर सत्ता में आई थी। लेकिन अब वह घुसपैठियों के मतों से सरकार बनाना चाहती है। पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगा। हम बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे।' प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य में तेजी से जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहे हैं और यह चुनाव 'पश्चिम बंगाल की पहचान को बचाने के लिए' है।

'बंगाल में राम नवमी की शोभा यात्राओं पर हमले हुए'

राम नवमी के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'पूरे भारत में राम नवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया, लेकिन पश्चिम बंगाल में राम नवमी की शोभा यात्राओं पर हमले हुए और तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में हिंसा हुई।' उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी चुनाव में हार के डर से 'एआई से तैयार वीडियो फैला रही है' और लोगों से सावधान रहने को कहा। कुशमंडी की रैली में प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर राज्य को 'सिंडिकेट द्वारा संचालित' बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में सिंडिकेट ही सरकार है और सरकार ही सिंडिकेट है।'

'गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार की कला में माहिर है टीएमसी'

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने 'गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार की कला में महारत हासिल कर ली है और इसमें पीएचडी कर ली है। हम टीएमसी शासन के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुए हर अत्याचार की फाइलें फिर से खोलेंगे। हम बलात्कार के हर मामले की फाइलें फिर से खोलेंगे और हर मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे। यह मोदी की गारंटी है।' आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे बंगाल के लोग एकजुट हुए थे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि टीएमसी का अन्य राज्यों में विस्तार असफल रहा है क्योंकि 'न तो इसका कोई इरादा है और न ही कोई नीति।'

'बंगाल से घुसपैठियों के जाने का समय आ गया है'

कटवा में रैली के दौरान पीएम मोदी ने सीएए को लेकर बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर मतुआ, नामशूद्र और अन्य शरणार्थियों को नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। उन्होंने कहा, 'सीएए कानून इसलिए लाया गया ताकि मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवारों को नागरिकता की संवैधानिक गारंटी मिल सके। जैसे ही यहां बीजेपी की सरकार बनेगी, सीएए के तहत नागरिकता देने का काम तेज किया जाएगा। मैं हर घुसपैठिए से कहूंगा कि वह अपना सामान समेट ले, अब जाने का समय आ गया है।' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि घुसपैठियों के “मददगारों” पर भी कार्रवाई होगी।

'भ्रष्टाचार के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा'

पीएम मोदी ने आर्थिक मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और 'सिंडिकेट राज' के कारण पश्चिम बंगाल विकास में पीछे रह गया है और राज्य पर 'आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज' हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि हजारों कंपनियां राज्य छोड़ चुकी हैं और युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर भ्रष्टाचार पर 'श्वेत पत्र' लाया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, 'जनता के अधिकारों का हनन करने वालों के लिए कोई लाल कालीन नहीं बिछाया जाएगा; उनके लिए जेल के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।'

'राज्य में डर का अंत और विश्वास की शुरुआत होगी'

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए 3,000 रुपये मासिक भत्ते, किसानों के लिए पीएम-किसान के तहत सालाना 9,000 रुपये और आयुष्मान भारत योजना लागू करने का भी वादा किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, 'आपने वामपंथ को 35 साल दिए। आपने टीएमसी को 15 साल दिए। मोदी को पांच साल दीजिए।' उन्होंने दावा किया कि 2026 का विधानसभा चुनाव 'टीएमसी के डर और भाजपा के भरोसे' के बीच होगा और राज्य में 'डर का अंत और विश्वास की शुरुआत' होगी।

सिलीगुड़ी में पीएम मोदी का जबरदस्त रोडशो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक रोडशो भी किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों की भारी भीड़ नजर आई। इसके बारे में X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, 'सिलिगुड़ी में आज का रोडशो बेहद यादगार रहा। यह पूरे 15 किलोमीटर लंबा था। यह दिखाता है कि पूरे पश्चिम बंगाल में भाजपा का विकास एजेंडा कितना गूंज रहा है। तृणमूल कांग्रेस के पास लूट और धमकी के अलावा अब कुछ भी नहीं बचा है। और उनकी सारी चालें अब बेनकाब हो चुकी हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।