1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'बंगाल से माफिया राज, रंगदारी और भ्रष्टाचार खत्म करेगी बीजेपी', बाराबनी में टीएमसी पर बरसे सीएम योगी

'बंगाल से माफिया राज, रंगदारी और भ्रष्टाचार खत्म करेगी बीजेपी', बाराबनी में टीएमसी पर बरसे सीएम योगी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 16, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Apr 16, 2026 02:45 pm IST

पश्चिम बर्धमान में रैली को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यूपी में न तो कर्फ्यू है और न ही कोई दंगा। अब यूपी में सब कुछ ठीक है। अयोध्या में भगवान राम का दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर बन चुका है।

रैली के दौरान मंच पर सीएम योगी- India TV Hindi
रैली के दौरान मंच पर सीएम योगी Image Source : X@MYOGIADITYANATH

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बाराबनी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने जनता से कहा कि मैं आपसे यह अपील करने आया हूं कि जिन लोगों की वजह से पिछले 15 सालों से बंगाल पहचान के संकट का सामना कर रहा है, जिन्होंने बंगाल को आतंक, माफिया राज, रंगदारी और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है, अब उस टीएमसी की कोई जरूरत नहीं है। इन लोगों ने यहां आम जनता के सामने, युवाओं के सामने, बेटियों और बहनों के सामने डर का माहौल बना दिया है। इनकी वजह से ही माफिया पनपे हैं।  इस माफिया प्रवृत्ति को बीजेपी खत्म करेगी। यही बीजेपी का संकल्प है।

बंगाल में टीएमसी सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "यहां आप जो अराजकता, डर का माहौल, दंगे, माफिया का राज और विकास के लिए आए पैसों की हेराफेरी व भ्रष्टाचार देख रहे हैं, ठीक ऐसी ही गंभीर स्थिति 9 साल पहले उत्तर प्रदेश में भी थी। नौ साल पहले, हर दूसरे या तीसरे दिन दंगे होते थे। कोई भी त्योहार या उत्सव नहीं मनाया जा सकता था। बहनें और बेटियां असुरक्षित थीं, गुंडागर्दी अपने चरम पर थी, अपराध बेकाबू था, माफियाओं का बोलबाला था और जनता की सुविधा व विकास के लिए आने वाले पैसों की लूट होती थी। इसका एकमात्र उपाय सिर्फ एक ही है, और वह है 'डबल-इंजन' वाली BJP सरकार।"

बंगाल में अराजकता हैः सीएम योगी

रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बंगाल में अराजकता है। विकास के फंड जो 'कट-मनी' और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कभी जो सपना देखा था, वह आज हमारे पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा हो गया है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया गया है। कश्मीर में भी अब भारतीय कानून उसी तरह लागू होता है, जैसे बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में होता है। हमें अब TMC नहीं चाहिए, जिसने पिछले 15 सालों से बंगाल को पहचान के संकट से गुज़ारा है, जिसने बंगाल को आतंक, माफिया राज और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है

सीएम योगी ने कहा कि एक तरफ PM मोदी दिल्ली से जनता के लिए पैसा भेजते हैं, वहीं TMC के गुंडे उस पैसे को हड़प लेते हैं..."।  उन्होंने कहा कि सिर्फ़ बीजेपी ही इस बात की गारंटी दे सकती है कि न कोई दंगा होगा और न ही कोई कर्फ्यू लगेगा। हम न तो गायों की हत्या होने देंगे और न ही हिंदुओं को आपस में बंटने देंगे..."। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।