1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 20 सेमी तक पानी गिरने की संभावना; जलजमाव की आशंका

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 20 सेमी तक पानी गिरने की संभावना; जलजमाव की आशंका

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Jul 05, 2025 05:25 pm IST,  Updated : Jul 05, 2025 05:36 pm IST

पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। अगले 24 घंटे के दौरान भी तेज बारिश हो सकती है। प्रदेश के इलाकों में 10 जुलाई तक मूसलाधार बारिश हो सकती है।

 मूसलाधार बारिश की चेतावनी- India TV Hindi
मूसलाधार बारिश की चेतावनी Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है और राज्य के गंगा क्षेत्र पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव भी हो सकता है।

कई इलाकों में 20 सेमी तक पानी गिरने की संभावना 

मौसम विभाग ने बताया कि पुरुलिया, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी। इस दौरान 7 से 20 सेमी तक पानी गिरने की संभावना है। पश्चिम बर्धमान, पुरबा मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और बांकुरा जिलों में भी 7 से 11 सेमी भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र पर कम दबाव का क्षेत्र बनने और मजबूत मानसून प्रवाह के कारण इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। 

10 जुलाई तक इन जिलों में होगी बारिश

आईएमडी ने कहा कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के उप-हिमालयी जिलों के कुछ हिस्सों में 10 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में 102 मिमी बारिश हुई, जो शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक बारिश थी। इस अवधि के दौरान जिन अन्य स्थानों पर महत्वपूर्ण वर्षा हुई उनमें कल्याणी (42 मिमी), बैरकपुर (32 मिमी), कलाईकुंडा (32 मिमी) और रायगंज (31 मिमी) शामिल हैं।

शनिवार को यहां होगी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को बांकुरा, पूर्वी बर्दवान, हुगली और नादिया में भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) होने की संभावना है। पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया, पश्चिम मिदनापुर, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, उत्तर 24-परगना और दक्षिण 24-परगना में भारी वर्षा (7-11 सेमी) होने की संभावना है। रविवार को पुरुलिया, बांकुरा, झारग्राम और पश्चिम मिदनापुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और दक्षिण बंगाल के शेष जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। 

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।