1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कनाडा की युवती को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला? बीच पर लाश मिलने से मचा हड़कंप

कनाडा की युवती को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला? बीच पर लाश मिलने से मचा हड़कंप

 Published : Jan 20, 2026 08:12 am IST,  Updated : Jan 20, 2026 08:12 am IST

कगारी बीच पर 19 साल की कनाडाई युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को शव पर डिंगो के हमले जैसे निशान मिले हैं। हालांकि युवती की मौत डूबने से हुई है या डिंगो के हमले से, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम के बाद होगा।

Canada woman killed by dingoes, K'gari beach death, Fraser Island dingo attack- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलियाई डिंगो की एक तस्वीर। Image Source : AP FILE

मेलबर्न: कनाडा की एक 19 साल की युवती की ऑस्ट्रेलिया के एक मशहूर बीच पर लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडाई युवती की लाश कगारी बीच पर मिली है, जिसे पहले फ्रेजर आईलैंड के नाम से जाना जाता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या युवती की मौत डिंगो (ऑस्ट्रेलिया के जंगली कुत्ते) के हमले में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि महिला का शव सोमवार सुबह कगारी के पूर्वी तट पर स्थित बीच पर माहेनो जहाज के मलबे के पास मिला था।

तैरने के लिए गई थी युवती, डेढ़ घंटे बाद मिली लाश

युवती ने अपने दोस्तों और सहकर्मियों को बताया था कि वह सुबह लगभग 5 बजे तैरने के लिए जा रही है। पुलिस को इसके करीब 95 मिनट बाद सुबह 6:35 बजे उसका शव मिलने के बारे में सूचना मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी SUV में बीच पर ड्राइव करते हुए 2 युवकों ने युवती की लाश के आसपास करीब 10 डिंगो को देखा था। पुलिस इंस्पेक्टर पॉल अल्जी ने कहा, 'यह उनके लिए बहुत दर्दनाक और भयानक दृश्य था। मैं पुष्टि कर सकता हूं कि उसके शरीर पर ऐसे निशान थे जो बताते हैं कि डिंगो ने उसके शरीर को नोचा था।' हालांकि, पुलिस अभी भी मौत का स्पष्ट कारण नहीं बता पाई है।

घटना के बाद से बेहद सदमे में है युवती की दोस्त

पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा, 'हम अभी पुष्टि नहीं कर सकते कि यह युवती डूब गई थी या डिंगो के हमले में मारी गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।' बता दें कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बुधवार को आने की उम्मीद है। युवती पिछले करीब 6 हफ्तों से कगारी बीच पर एक टूरिस्ट हॉस्टल में काम कर रही थी। उसके साथ कनाडा से आई एक दोस्त भी वहां काम कर रही है। पुलिस ने बताया कि उसकी दोस्त घटना के बाद से बेहद सदमे में है और उसकी काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस महिला के परिवार से कनाडा में संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

कगारी द्वीप पर आजाद घूमते हैं करीब 200 डिंगो

बता दे कि कगारी दुनिया में सबसे बड़ा रेतीला द्वीप है और यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यहां करीब 200 डिंगो आजाद घूमते हैं। ये डिंगो संरक्षित देशी प्रजाति हैं। द्वीप पर पर्यटकों की संख्या कोविड-19 महामारी के बाद बहुत बढ़ गई है, जिसके बाद डिंगो काफी ज्यादा आक्रामक हो गए हैं। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने पर्यटकों और निवासियों से अपील की है कि डिंगो के पास न जाएं, और उन्हें कुछ भी न खिलाएं। बता दें कि 3 साल पहले भी इसी द्वीप पर जॉगिंग कर रही 23 साल की एक युवती पर डिंगो के झुंड ने हमला कर दिया था। डिंगो उसे समुद्र में खींचकर ले गए थे, लेकिन एक पर्यटक ने किसी तरह उसकी जान बचा ली थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश