1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. केन्या में भारी बारिश के चलते टूट गया बांध, मच गई तबाही; मर गए 40 लोग

केन्या में भारी बारिश के चलते टूट गया बांध, मच गई तबाही; मर गए 40 लोग

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Apr 29, 2024 03:58 pm IST,  Updated : Apr 29, 2024 03:58 pm IST

केन्या में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बाढ़ की वजह से एक बांध टूट गया है। बांध टूटने के बाद निचले इलाकों में तबाही मच गई। कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है।

केन्या बाढ़- India TV Hindi
केन्या बाढ़ Image Source : AP

नैरोबी: अफ्रीकी देश केन्या के पश्चिमी इलाके में एक बांध के टूटने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है। केन्या पुलिस की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई है। पुलिस अधिकारी स्टीफन किरुई ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि बांध के टूटने के बाद बाढ़ का पानी घरों में आ घुसा और एक प्रमुख सड़क से संपर्क कट गया। हालात बेकाबू हैं और लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। 

ढह गया किजाबे बांध

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार की सुबह ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र के माई माहिउ इलाके में स्थित पुराने किजाबे बांध के ढहने के बाद हुई। ग्रेट रिफ्ट घाटी क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने का खतरा बना रहता है। बांध टूटने के बाद पानी नीचे की ओर बहने लगा। केन्या में बीते कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के कारण अब तक करीब 100 लोगों की मौत हो चुकी है। 

बाढ़ की चपेट में कई हिस्से 

बता दें कि केन्या में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते देश के कई हिस्से भीषण बाढ़ की चपेट में आ गए है, हालात बेकाबू हो गए हैं। कहना गलत नहीं होगा कि तकरीबन आधा केन्या इस वक्त बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ की वजह से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। सड़कों, गलियों और लोगों के घरों तक में पानी भर गया है। जगह-जगह रास्ते में वाहन पानी में डूबे हुए नजर आ रहे हैं। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों तक राहत भी नहीं पहुंच पा रही है। 

नैरोबी में मुश्किल हालात

केन्या की राजधानी नैरोबी में बाढ़ की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं और तमाम इलाकों में पानी भर गया है। नैरोबी में हालात काफी मुश्किल हो गए हैं, हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। राहत और बचाव के कार्य में सरकार सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है लेकिन हालात बेकाबू हैं। सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि मौसम विज्ञानियों ने जून के महीने तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। केन्या में मार्च के महीने से बारिश हो रही है। लेकिन हाल के दिनों में भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।  (एपी)

यह भी पढ़ें: 

...तो हरा-भरा नजर आएगा थार मरुस्थल, बदली हुई नजर आएगी पूरी दुनिया की तस्वीर

पाकिस्तान में डर-डरकर जीने को मजबूर हैं लाखों अफगानी, जानें कितनी मुश्किल हो गई है जिंदगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश