गाजाः इजरायली सेना ने रविवार को सुबह गाजा पर बहुत बड़ा हवाई हमला किया है। इस हमले में कम से कम 34 फिलिस्तीनियों के मारे जाने की खबर है। अलजजीरा की खबर के अनुसार इजरायली सेना का यह बेहद घातक हमला था। स्थानीय अस्पताल की ओर से लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।
इजरायली सेना ने बंधक का बरामद किया शव
इजरायली सेना ने हमले के दौरान गाजा से थाईलैंड के एक बंधक का शव बरामद किया है। आईडीएफ ने कहा कि इसे हमास के आतंकियों ने 7 अक्टूबर 2023 को अपहृत कर लिया था। इस दौरान हमास आतंकियों ने इजरायल में 1200 लोगों की हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं हमास ने 238 इजरायली नागरिकों और कुछ विदेशियों का अपहरण कर लिया था। इसके जवाब में इजरायली सेना लगातार गाजा पर हमले कर रही है।
संघर्ष विराम टूटने के बाद फिर हमलावर हुई इजरायली सेना
गाजा और हमास के बीच 19 जनवरी 2025 को कतर की मध्यस्थता में युद्ध विराम हो गया था। मगर इसके बाद कुछ बंधकों को रिहा करने में हमास ने अपनी शर्तें रख दी और वह मांगें पूरी नहीं होने तक बंधकों को रिहा नहीं किया। इससे इजरायली सेना ने दोबारा गाजा में जमीनी अभियान शुरू कर दिया। अब इजरायली सेना ने गाजा के कई हिस्सों पर अपना पूर्ण नियंत्रण ले लिया है।
कौन था थाई नागरिक जिसे हमास ने किया था अगवा
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को बताया कि थाईलैंड के नागरिक नट्टापोंग पिंटा का शव एक विशेष सैन्य अभियान के तहत लौटा दिया गया है। सरकार ने बताया कि पिंटा को किबुत्ज़ निर ओज़ से अगवा किया गया था और युद्ध की शुरुआत में ही उसे कैद में मार दिया गया था। गाजा में 55 बंधक अभी भी बचे हैं, जिनमें से इजरायल का कहना है कि आधे से अधिक मर चुके हैं। रक्षा मंत्री ने शनिवार को बताया कि पिंटा का शव राफा क्षेत्र से बरामद किया गया। वह कृषि कार्य के लिए थाईलैंड से इजरायल आया था।