1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. भारत व त्रिनिदाद और टोबैगो के संबंधों की ऊंची उड़ान, 6 बड़े समझौते पर हस्ताक्षर

भारत व त्रिनिदाद और टोबैगो के संबंधों की ऊंची उड़ान, 6 बड़े समझौते पर हस्ताक्षर

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jul 05, 2025 10:57 am IST,  Updated : Jul 05, 2025 11:06 am IST

पीएम मोदी ने इस यात्रा से भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के संबंधों को नया आयाम देने का काम किया है। दोनों देशों में 6 बड़े समझौते होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद की पीएम कमला बिसेसर को भारत आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

प्रधानमंत्री मोदी और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की समकक्ष कमला प्रसाद बिसेसर। - India TV Hindi
प्रधानमंत्री मोदी और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की समकक्ष कमला प्रसाद बिसेसर। Image Source : PTI

पोर्ट ऑफ स्पेन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को एक नया आयाम दे दिया है। भारत व त्रिनिदाद और टोबैगो के द्विपक्षीय संबंध अब नई ऊंचाई छूने को बेताब हैं। इसके लिए दोनों देशों ने 6 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। भारत व त्रिनिदाद और टोबैगो ने बुनियादी ढांचे, औषधि, संस्कृति, खेल और डिजिटल सहयोग जैसे कई क्षेत्रों में  संबंध मजबूत करने के लिए शुक्रवार को छह द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी समकक्ष कमला प्रसाद बिसेसर के बीच उच्चस्तरीय वार्ता के बाद हुए।

25 वर्षों बाद हुई यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी त्रिनिदाद एवं टोबैगो की ऐतिहासिक यात्रा पर हैं। वर्ष 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने इसे दोनों देशों के "विशेष संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला क्षण" बताया। इस दौरान हुई कई प्रमुख घोषणाओं ने अब संबंधों को नई गति दे दी है। 

क्या हुई प्रमुख घोषणाएं?

संयुक्त परियोजनाएं

फार्माकोपिया, त्वरित-प्रभाव परियोजनाएं, कूटनीतिक प्रशिक्षण और सांस्कृतिक सहयोग में सहयोग।

डिजिटल सहयोग

यूपीआई सिस्टम, डिजिटल परिवर्तन और क्षमता निर्माण में भागीदारी।

ओसीआई कार्ड

कैरेबियाई देश में बसे भारतीय मूल की छठी पीढ़ी को भारत की विदेशी नागरिकता (OCI) कार्ड देने की घोषणा।

वैश्विक सहयोग

जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा जैसे वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की सहमति।

भारत और त्रिनिदाद के संबंधों में नया जोश

प्रधानमंत्री मोदी की त्रिनिदाद यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में नया जोश आ गया है। पीएम मोदी ने इस दौरान राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू से भी मुलाकात की और उन्हें प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और त्रिनिदाद के बीच संबंधों में "स्वाभाविक गर्मजोशी" है। इस दौरान उन्होंने त्रिनिदाद की संसद को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक और क्रिकेट संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय मूल के लोगों द्वारा राजनीति, व्यापार, साहित्य, खेल और संगीत में किए गए योगदान की सराहना की।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश