1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. गाजा में इजरायल ने फिर बरपाया कहर, UN कर्मचारी और बच्चों समेत 6 से ज्यादा मौतें

गाजा में इजरायल ने फिर बरपाया कहर, UN कर्मचारी और बच्चों समेत 6 से ज्यादा मौतें

 Published : Jul 06, 2024 02:04 pm IST,  Updated : Jul 06, 2024 02:04 pm IST

गाजा में इजरायली सेना के बमों ने फिर से आतंक मचा दिया है। इजरायली बमबारी में मध्य गाजा में संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी और कई बच्चों समेत 6 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार इजरायली हमले में गाजा में मरने वालों की कुल संख्या 38 हजार से अधिक हो चुकी है।

गाजा में इजरायली हमले का एक दृश्य (फाइल)- India TV Hindi
गाजा में इजरायली हमले का एक दृश्य (फाइल) Image Source : REUTERS

दीर अल बलाह (फलस्तीन): मध्य गाजा में इजरायली बमों ने एक बार फिर दहशत मचा दिया है। इजरायल के हवाई हमलों में शुक्रवार को मध्य गाजा में दो बच्चों और संयुक्त राष्ट्र के एक कर्मी समेत 6 लोगों से ज्यादा की मौत हो गई। फिलस्तीनी अस्तपाल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दीर अल-बलाह शहर में अल अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाजा में सलाह अल-दीन मार्ग पर मघाजी शरणार्थी शिविर के पास एक इजरायली हमले में तीन वयस्कों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक व्यक्ति ने संयुक्त राष्ट्र की वर्दी पहन रखी थी। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि नुसेरात शरणार्थी शिविर में हुए हमले में भी एक वयस्क और दो बच्चों की मौत हो गई। इजराइली सेना ने इन हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इजरायल अपने हमलों में आम नागरिकों की मौत के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराता है। उसका कहना है कि इजरायल आम लोगों की आड़ में अपनी गतिविधियों को अंजाम देता है जबकि हमास ने इन आरोपों से इनकार किया है और इजरायल पर आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई पर फिर होगी वार्ता

इस बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने शुक्रवार को कहा कि इजरायली वार्ताकारों का एक दल हमास के साथ संघर्ष विराम और बंधकों की अदला-बदली के समझौते पर अगले सप्ताह वार्ता फिर से शुरू करेगा। इससे यह संकेत मिलता है कि गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते की दिशा में प्रगति हो रही है। हमास द्वारा सात अक्टूबर को किए गए हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इजरायल ने हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की थी। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस युद्ध में 38,000 से अधिक फिलस्तीनी मारे गए है। (एपी) 

यह भी पढ़ें

यूक्रेन युद्ध में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कब करेगा रूस, राष्ट्रपति पुतिन ने दुनिया को बता दिया खुल्लम-खुल्ला


जो बाइडेन ने राष्ट्रपति चुनाव से पहले दिया बड़ा बयान, कहा-सिर्फ ईश्वर ही मुझे चुनावी दौड़ से कर सकते हैं बाहर
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश