1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. जोहान्सबर्ग में ‘इंडिया क्लब’ ने किया 16वां वार्षिक भारत दिवस समारोह, आतंक के खिलाफ दिया संदेश

जोहान्सबर्ग में ‘इंडिया क्लब’ ने किया 16वां वार्षिक भारत दिवस समारोह, आतंक के खिलाफ दिया संदेश

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 24, 2025 11:34 am IST,  Updated : Aug 24, 2025 11:34 am IST

भारत की ओर से दक्षिण अफ्रीका में 16वें वार्षिक भारत दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सभी प्रवासी भारतीयों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आतंक के खिलाफ एकजुटता दिखाई गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : X@INDIAINCAPETOWN

जोहान्सबर्गः दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में स्थित ‘इंडिया क्लब’ ने शनिवार को अपना 16वां वार्षिक भारत दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित किया। यह आयोजन प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है और हर वर्ष भारत की संस्कृति, मूल्यों और समकालीन वैश्विक मुद्दों को एक मंच पर लाने का कार्य करता है। इस बार के समारोह की थीम वैश्विक आतंकवाद से निपटने में भारत की भूमिका और प्रतिबद्धता पर केंद्रित रही।

दक्षिण अफ्रीका में दिखा भारतीय रंग

‘इंडिया क्लब’ एक गैर-लाभकारी संगठन है जिसकी स्थापना 16 वर्ष पहले प्रवासी भारतीयों के बीच भारत से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। भारत दिवस इसका प्रमुख वार्षिक आयोजन है, जो हर साल भारतीय संस्कृति, एकता और सामाजिक सरोकारों को उजागर करता है। इस वर्ष के कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया, जिनमें भारत के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी भी शामिल थे। इस अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नृत्य, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

कंपनियों ने लगाया स्टॉल

दक्षिण अफ्रीका में कार्यरत भारतीय कंपनियों ने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया, जिससे भारत की आर्थिक और तकनीकी उपलब्धियों की झलक भी प्रस्तुत की गई। समारोह की विशेष झलक सैंडटन में कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर लगी एक विशेष प्रदर्शनी रही, जो वैश्विक आतंकवाद की समस्या पर केंद्रित थी। इस प्रदर्शनी में भारत सहित दुनियाभर में हुए आतंकवादी हमलों की समय-सारिणी को दर्शाया गया। इसमें हाल ही में भारत के पहलगाम में हुए हमले को विशेष रूप से उजागर किया गया, जिसका शीर्षक था "आतंकवाद की मानवीय कीमत।"

भारतीय उच्चायुक्त भी हुए शामिल

दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "आप सभी को यह प्रदर्शनी अवश्य देखनी चाहिए। यह हमें याद दिलाती है कि आतंकवाद किस तरह न केवल भारत, बल्कि समस्त विश्व को प्रभावित करता है और हमारे परिवारों व जीवन पर इसका क्या प्रभाव पड़ता है।" (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश