1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायली बंधक की गाजा में हत्या से बौखलाए नेतन्याहू, अमेरिका ने युद्धविराम वार्ता का प्रयास किया तेज

इजरायली बंधक की गाजा में हत्या से बौखलाए नेतन्याहू, अमेरिका ने युद्धविराम वार्ता का प्रयास किया तेज

 Published : Apr 07, 2024 10:50 am IST,  Updated : Apr 07, 2024 10:50 am IST

गाजा में हमास आतंकियों ने एक और इजरायली बंधक की हत्या कर दी है। यह हत्या ऐसे वक्त में की गई है, जब आज अमेरिका के प्रयास से युद्ध विराम को लेकर वार्ता होनी है। माना जा रहा है कि हमास ने इजरायल पर बंधकों की रिहाई के लिए युद्ध विराम करने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से ऐसा किया है। मगर इससे इजरायल बौखला गया है।

बेंजामिन नेतन्याहू, इजरायल के प्रधानमंत्री।- India TV Hindi
बेंजामिन नेतन्याहू, इजरायल के प्रधानमंत्री। Image Source : AP

काहिरा: इजराइली बंधक की हत्या करके हमास आतंकियों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का पारा चढ़ा दिया है। इधर इजरायल की सेना ने शनिवार को कहा कि उसने गाजा में बंधक बनाए गए 47 वर्षीय किसान का शव बरामद किया है। बता दें कि हमास द्वारा बंधक बनाए गए इजरायल के किसी नागरिक का शव ऐसे वक्त में बरामद किया गया है, जब वार्ताकार इजराइल और हमास के बीच छह माह से जारी युद्ध को रोकने और शेष बंधकों को रिहा कराने के लिए रविवार को दूसरे दौर की बातचीत की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में युद्ध विराम के अमेरिकी प्रयासों के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।

इजरायल की सेना ने कहा कि उसे एलाद कात्जिर का शव मिला है और माना जाता है कि उसकी हत्या जनवरी में ‘इस्लामी जिहाद’ के चरमपंथियों ने की थी। हमास के चरमपंथी सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में घुस गए थे और उनके हमले में 1,200 से अधिक लोग मारे गए थे। हमास ने इस हमले के बाद इजरायल के कम से कम 250 लोगों को बंधक बना लिया था। किसान कात्जिर को सीमावर्ती नीर ओज़ से अगवा किया गया था। इस शव के मिलने से इजरायल की सरकार पर बंधकों को मुक्त कराने के लिए समझौता करने का दबाव बढ़ गया है।

गाजा में अब तक मारे गए 36 इजरायली बंधक

बंधक की हत्या किए जाने के बाद हजारों लोग तेल अवीव में एकत्र हुए और उन्होंने बंधकों को रिहा कराने के लिए शीघ्र कोई समझौता करने और मध्यावधि चुनाव कराने की मांग की। अब तक कम से कम 36 बंधकों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बंधक बनाए गए कुल लोगों में से आधों को रिहा कर दिया गया है। कात्जिर की बहन कार्मित ने एक बयान में कहा,‘‘अगर वक्त पर कोई समझौता हो जाता तो उन्हें बचाया जा सकता था। हमारा नेतृत्व कायर है और राजनीतिक विचारों से प्रेरित है, इसीलिए कोई समझौता नहीं हुआ।’’ मिस्र के एक अधिकारी और मिस्र के सरकारी स्वामित्व वाले अल काहिरा टीवी के अनुसार युद्धविराम के लिए वार्ता रविवार को फिर से शुरू होगी। (एपी)

यह भी पढ़ें

अमेरिका के फ्लोरिडा बार में फिर तड़तड़ाई गोलियों की गूंज, फायरिंग में 2 लोगों की मौत और 7 हुए घायल

यूक्रेन से युद्ध के बीच भी जारी है रूस का स्पेस मिशन, अंतरिक्ष स्टेशन से कैप्सूल में सुरक्षित धरती पर आए 3 यात्री

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश