1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. नाइजीरिया में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने की फायरिंग, दागे आंसू गैस के गोले; 13 लोगों की हुई मौत

नाइजीरिया में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने की फायरिंग, दागे आंसू गैस के गोले; 13 लोगों की हुई मौत

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Aug 02, 2024 12:17 pm IST,  Updated : Aug 02, 2024 02:16 pm IST

​नाइजीरिया में आम लोग सड़क पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। देश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था के चलते आम लोग परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए फायरिंग की है।

Nigeria Protest- India TV Hindi
Nigeria Protest Image Source : AP

अबुजा: नाइजीरिया में आर्थिक संकट के खिलाफ व्यापक पैमाने पर जारी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कम से कम 13 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है। एक मानवाधिकार समूह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विरोध-प्रदर्शन ने कई राज्यों में हिंसक रूप ले लिया है, जिसके चलते कई जगह कर्फ्यू घोषित किया गया है। अधिकारियों ने बम धमाके में चार लोगों की मौत होने की पुष्टि की और कहा कि देशभर में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। नाइजीरिया में आर्थिक संकट के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग करते हुए पुलिस ने गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। इस दौरान 2 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय अखबार ‘डेली ट्रस्ट’ की खबर में कहा गया कि ये मौतें उत्तरी नाइजर राज्य में हुई हैं, जहां प्रदर्शनकारियों द्वारा एक प्रमुख सड़क को अवरुद्ध करने के बाद सुरक्षा बलों के साथ उनकी झड़प हुई। पुलिस ने कम से कम दो अन्य राज्यों में भी गोलीबारी की हैं।

300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को किया गया गिरफ्तार 

‘एमनेस्टी इंटरनेशनल’ के नाइजीरिया निदेशक ईसा सानुसी ने एक साक्षात्कार में कहा कि समूह ने चश्मदीदों, पीड़ितों के परिवारों और वकीलों द्वारा बताई गई मौतों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि की है। इस बीच, नाइजीरिया की पुलिस ने कहा कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों की लूटपाट के चलते उत्तरी राज्यों - कानो और कटसीना में 300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया और कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

एक पुलिस अधिकारी की हुई मौत

पुलिस ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी की भी मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं। प्रदर्शनकारी बढ़ते आर्थिक संकट को दूर करने की मांग कर रहे हैं, जिसके चलते अफ्रीका के शीर्ष तेल उत्पादक देश के लोग सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने ‘‘भ्रष्टाचार और कुशासन’’ को समाप्त करने की मांग की है। मीडिया में आए विरोध-प्रदर्शन के वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों को गोदामों में लूटपाट करते और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए देखा जा सकता है। नाइजीरिया के कई शहरों और कस्बों में सुरक्षा कर्मियों और बख्तरबंद वाहनों को भी तैनात किया गया है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

रूस और अमेरिका के बीच बन गई बात, सोवियत इतिहास के बाद पहली बार हुई इतनी बड़ी डील

छिड़ गई जंग! टॉप कमांडर की मौत के बाद भड़का हिजबुल्ला, इजरायल पर कर दी रॉकेटों की बौछार

कमला हैरिस ने ट्रंप को दिया करारा जवाब, कहा 'I know Donald Trump’s type...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश