1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज से मिले PM मोदी, CEO फोरम में कहा- 'दुनिया की चुनौतियों का मिलकर करेंगे सामना'

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज से मिले PM मोदी, CEO फोरम में कहा- 'दुनिया की चुनौतियों का मिलकर करेंगे सामना'

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 09, 2026 07:28 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 02:51 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात कर रक्षा, व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने CEO फोरम में दोनों देशों की साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया। वह दौरे के अगले चरण में न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

Narendra Modi Australia Visit, Anthony Albanese, India Australia CEO Forum- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज। Image Source : DD NEWS

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 3 देशों के दौरे के दूसरे चरण में गुरुवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, लोगों के बीच संबंध और नई तकनीकों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। अल्बानीज से मुलाकात के बाद पीएम मोदी और अल्बानीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में हिस्सा लिया।

'भारत-ऑस्ट्रेलिया का साथ में आगे बढ़ना जरूरी'

CEO फोरम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, 'आज इस हॉल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की बिजनेस शक्ति और बिजनेस महत्वाकांक्षा एक साथ दिखाई दे रही है। आज दुनिया अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना न सिर्फ स्वाभाविक है, बल्कि बेहद जरूरी भी है।'

भारतीय समुदाय ने किया PM मोदी का भव्य स्वागत

बता दें कि PM मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्वागत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति रही। ऑर्केस्ट्रा ने 'मां तुझे सलाम' गीत प्रस्तुत किया, जिसकी प्रधानमंत्री मोदी ने जमकर सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा,

'ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की 'मां तुझे सलाम' की भावपूर्ण प्रस्तुति बेहद शानदार थी। इसने खूबसूरती से दिखाया कि संगीत किस तरह हमारे लोगों के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाता है। ऑर्केस्ट्रा के सभी सदस्यों को इस यादगार प्रस्तुति के लिए मेरी शुभकामनाएं। यह वंदे मातरम् की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाता है, खासकर ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।'

PM ने देखी डिजेरिडू-तबले की अनोखी जुगलबंदी

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्य यंत्र डिजेरिडू (Didgeridoo) और भारत के तबले की अनोखी जुगलबंदी भी देखी। यह प्रस्तुति डिजेरिडू कलाकार रॉन मरे और तबला वादक डॉ. सैम इवांस ने दी। इस प्रस्तुति की तस्वीरें साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,

'ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन डिजेरिडू और भारत के तबले की यह अद्भुत प्रस्तुति देखना बेहद खास रहा। इन दोनों कालजयी वाद्य यंत्रों की सुरमयी संगति ने हमारे दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।'

उन्होंने दोनों कलाकारों की पारंपरिक संगीत को जीवंत बनाए रखने के लिए भी सराहना की।

ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड जाएंगे पीएम मोदी

बता दें कि PM मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचने से पहले इंडोनेशिया की यात्रा पूरी कर चुके हैं, जो उनके 3 देशों के दौरे का पहला चरण था। उन्होंने अपनी यात्रा से पहले जारी बयान में कहा था कि ऑस्ट्रेलिया दौरा रक्षा और सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क, उभरती और महत्वपूर्ण तकनीकों, खेल तथा खेल विज्ञान के क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। ऑस्ट्रेलिया में अपने कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने 3 देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

ये भी पढ़ें: तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे पीएम मोदी, मेलबर्न में 'मां तुझे सलाम' की गूंज से हुए गदगद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश