इजराइल द्वारा तेहरान के खिलाफ अपने अभियान को तेज़ करने की चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर भीषण हमला किया गया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है कि उसके परमाणु संयंत्रों पर भीषण हमले किए गए हैं। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन, IRNA के अनुसार, एक हेवी-वॉटर प्लांट और एक येलोकेक उत्पादन सुविधा को निशाना बनाया गया है। ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले के बाद IRGC ने कहा है कि अमेरिकी और इजरायली औद्योगिक कंपनियों में काम करने वाले लोग तत्काल वर्कप्लेस छोड़ दें। ईरान ने इन केंद्रों पर जवाबी हमले की तैयारी शुरू कर दी है।
एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ने दी धमकी
हमले के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मूसावी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "आपने पहले भी हमें आजमाया था; दुनिया ने फिर देखा कि आप खुद आग से खेल रहे हैं और बुनियादी ढांचे पर हमला कर रहे हैं। इस बार, आंखे के बदले आंख नहीं चलेगा; देखते रहिए! अमेरिकियों और जायोनी शासन से जुड़ी औद्योगिक कंपनियों के कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालने से बचने के लिए तुरंत अपने कार्यस्थल छोड़ देने चाहिए!"
ट्रंप ने 10 अप्रैल तक हमले ना करने की बात कही थी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को ही कहा था कि वे ईरान के अहम केंद्रों पर 10 दिनों के लिए हमला रोक रहे हैं। वहीं, उसके बाद ही ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने पुष्टि की कि अराक में शाहिद खोंडाब हेवी वॉटर कॉम्प्लेक्स और यज़्द प्रांत में अर्दकान येलोकेक प्लांट पर हमले किए गए हैं। एजेंसी ने कहा कि फिलहाल कोई हताहत नहीं हुआ और किसी तरह के रेडियोएक्टिव के लीक होने का कोई खतरा नहीं है। ईरान ने झुकने और इस हमले का जवाब देने की बात कही है।
मार्को रुबियो ने कहा-युद्ध जल्द समाप्त होगा
वहीं, युद्ध को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका जमीनी सैनिकों की तैनाती के बिना ईरान के उद्देश्यों को पूरा कर सकता है। मार्को रुबियो ने जी7 के अपने समकक्षों को बताया कि अमेरिका जमीनी सैनिकों की तैनाती के बिना ईरान में अपने उद्देश्यों को प्राप्त कर सकता है। रुबियो ने कहा कि ईरान युद्ध कुछ हफ्तों में समाप्त हो जाना चाहिए। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने जी7 के अपने समकक्षों को बताया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजरायली सैन्य अभियान कुछ ही हफ्तों में समाप्त होने की उम्मीद है।