1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. US-Israel-Iran War: दुबई में सुनी गई धमाकों की आवाज, हेगसेथ बोले- 'ट्रंप की शर्तों पर ही खत्म होगी जंग'

US-Israel-Iran War: दुबई में सुनी गई धमाकों की आवाज, हेगसेथ बोले- 'ट्रंप की शर्तों पर ही खत्म होगी जंग'

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Updated : Mar 31, 2026 11:33 pm IST

एक तरफ अमेरिका ईरान से सीजफायर के लिए कह रहा है तो वहीं ईरान का कहना है कि वह सीजफायर नहीं करेगा। ईरान ने अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बनाने की चेतावनी भी दे डाली है।

डोनाल्ड ट्रंप - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : FILE PHOTO

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद खाड़ी में युद्ध जारी है। इस युद्ध का एक महीना बीत चुका है और ईरान लगातार अरब देशों में अमेरिका-इजरायल के ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान में जारी अपने सैन्य ऑपरेशन 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया है। एक तरफ अमेरिका ईरान से सीजफायर के लिए कह रहा है तो वहीं ईरान का कहना है कि वह सीजफायर नहीं करेगा। ईरान ने अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बनाने की चेतावनी भी दे डाली है। 

जानें युद्ध से जुड़े अपडेट्स

US-Israel-Iran War LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 11:30 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सीजफायर पर सहमत नहीं होगा ईरान: अराघची

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा, "ईरान युद्धविराम पर सहमत नहीं होगा और पूरे क्षेत्र में युद्ध की पूर्ण समाप्ति का आह्वान कर रहा है।"

  • 11:29 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मुंबई पोर्ट के एंकरिज पर पहुंचा एलपीजी टैंकर

    पश्चिम एशिया में तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित बाहर निकलकर BW TYR नामक एलपीजी टैंकर मुंबई पोर्ट के एंकरिज पर पहुंच गया है। यह जहाज लगभग 22,500 मीट्रिक टन प्रोपेन और ब्यूटेन गैस लेकर आया है। (रिपोर्ट: राजेश कुमार)

  • 11:00 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    फोर्ट मैकनेयर में ड्रोन रोधी लेजर प्रणाली तैनात करने पर विचार

    पेंटागन वाशिंगटन के फोर्ट मैकनेयर में ड्रोन रोधी लेजर प्रणाली तैनात करने पर विचार कर रहा है, जहां रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो रहते हैं। यह कदम आसपास ड्रोन गतिविधि की खबरों के बाद उठाया जा रहा है।

  • 10:45 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इराक में विदेशी पत्रकार का किया अपहरण

    इराक के गृह मंत्रालय के हवाले से जानकारी मिली है कि इराक में एक विदेशी पत्रकार का अपहरण कर लिया गया है।

  • 10:29 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हम ईरान को पूरी तरह खत्म कर रहे हैं: ट्रंप

    ईरान पर ट्रंप ने कहा हम वहां ज्यादा देर तक नहीं टिकने वाले। हम अभी उन्हें पूरी तरह से खत्म कर रहे हैं, यह उनका पूर्ण विनाश है।

  • 9:42 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    10 देशों ने किया लेबनान में UNIFIL की सुरक्षा का आग्रह

    फ्रांस और ब्रिटेन सहित 10 यूरोपीय देशों ने सभी पक्षों से लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, क्योंकि हाल के दिनों में इसके तीन शांति सैनिकों की हत्या कर दी गई थी।

  • 9:29 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों पर हमले की चेतावनी

    IRGC ने कहा है कि किसी भी हत्या के प्रयास का जवाब वह अमेरिका से जुड़ी किसी कंपनी को निशाना बनाकर देगा। बयान में कर्मचारियों को इन कार्यस्थलों को छोड़ने की सलाह दी गई है और 1 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों से सुरक्षित क्षेत्रों में जाने का आह्वान किया गया है। सूचीबद्ध कंपनियों में सिस्को, एचपी, इंटेल, ओरेकल, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, गूगल, मेटा, आईबीएम, डेल, एनवीडिया, जेपी मॉर्गन चेस, टेस्ला, जनरल इलेक्ट्रिक, बोइंग और अन्य शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि यह आदेश 1 अप्रैल को तेहरान समयानुसार रात 8:00 बजे से प्रभावी होगा।

  • 9:10 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अपने आप खुल जाएगा होर्मुज स्ट्रेट: ट्रंप

    ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि यह अपने आप खुल जाएगा, लेकिन मेरा रवैया यह है कि मैंने इस देश को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। उनके पास अब कोई ताकत नहीं बची है, और जो देश इस जलडमरूमध्य का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें इसे खोलने दें।"

  • 8:39 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    रूसी राजदूत ने मुज्तबा के ईरान में होने का किया दावा

    ईरान में रूस के राजदूत ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई ईरान में हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं।

  • 7:51 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दुबई में मिसाइल गिरने से 4 घायल

    अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दुबई के दक्षिणी हिस्से में घरों पर मलबा गिरने से हुई इस घटना में दो भारतीय नागरिकों, एक बांग्लादेशी नागरिक और एक श्रीलंकाई नागरिक को मामूली चोटें आई हैं। घटना को उच्चतम सुरक्षा मानकों के अनुरूप संभाला गया। नवीनतम जानकारी के लिए कृपया आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।

  • 6:44 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    NATO देशों ने नहीं की मदद

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि जंग केवल ट्रंप की शर्तों पर ही खत्म होगी। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में ऐसे कई देश हैं, जिन्हें होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम जलमार्ग के मसले पर आगे आने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा जब अमेरिका ने NATO देशों से मदद मांगी, तो उन्होंने मदद नहीं की, बल्कि 'सवाल पूछने' के लिए अमेरिका पर ही हमला बोल दिया।

  • 6:12 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    जमीनी हमले पर क्या बोले हेगसेथ?

    ईरान पर जमीनी हमले की संभावना से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि ट्रंप के समर्थक इस काम को अंजाम देने की उनकी काबिलियत पर भरोसा क्यों नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा, “अगर जरूरत पड़ी, तो हम उन विकल्पों को अपना सकते हैं...या शायद हमें उनका इस्तेमाल करने की जरूरत ही ना पड़े।”  उन्होंने कहा, “असल बात यह है कि इस मामले में हमारा रवैया अप्रत्याशित होना चाहिए।”

  • 6:05 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    दुबई में हुए धमाके

    ईरान की ओर खाड़ी देशों पर हमले जारी हैं। दुबई में 5 धमाकों की आवाज सुनी गई है। इस बीच GCC देशों को ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों का लगातार सामना करना पड़ रहा है।

  • 5:59 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    अमेरिका ने 11,000 से अधिक ठिकानों पर किया हमला

    अमेरिका का दावा है कि उसने 11,000 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है। कहा गया है कि अमेरिकी सेनाएं ना सिर्फ ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं को नष्ट करने पर ध्यान दे रही हैं, बल्कि सप्लाई चेन को रोकने पर भी काम कर रही हैं। सेना ने कहा, "हम मिलकर अहम मैन्युफैक्चरिंग साइटों, रिसर्च केंद्रों और यूरेनियम वाले इलाकों पर सटीक हमले करना जारी रखे हुए हैं।"

  • 5:56 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    UAE ने 12 मिसाइलों और 32 ड्रोनों को रोका

    UAE ने कहा कि उसकी वायु सेना ने ईरान से दागी गई 8 बैलिस्टिक मिसाइलों, 4 क्रूज मिसाइलों और 36 ड्रोनों को रोका है। उसने यह भी कहा कि ईरान के हमलों की शुरुआत से अब तक, UAE ने 433 बैलिस्टिक मिसाइलों, 19 क्रूज मिसाइलों और 1,977 ड्रोनों को रोका है। इन हमलों में सशस्त्र बलों के 2 सदस्यों, सशस्त्र बलों के साथ अनुबंधित एक मोरक्को के नागरिक और पाकिस्तानी, नेपाली, बांग्लादेशी, फिलिस्तीनी और भारतीय मूल के 8 नागरिकों की मौत हुई है। इन हमलों में 188 लोग घायल भी हुए हैं।

  • 5:40 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    गाजा में जंग का अंजाम, जानें आंकड़े

    गाजा पर इजरायल के हमलों में मृतकों की संख्या 72,285 तक पहुच गई है। वाफा न्यूज एजेंसी को मेडिकल सूत्रों ने बताया कि 7 अक्टूबर, 2023 से अब तक गाजा भर में इजरायली हमलों में कम से कम 72,285 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 172,028 घायल हुए हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में कम से कम 5 लोग मारे गए और 14 घायल हुए हैं। 11 अक्टूबर 2025 को हुए सीजफायर के बाद से, इजरायल ने कम से कम 709 फिलिस्तीनियों को मार डाला है और 1,928 को घायल किया है।

  • 4:26 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कतर ने बताया कैसे तय हो होर्मुज स्ट्रेट का भविष्य

    होर्मुज स्ट्रेट का भविष्य पूरे क्षेत्र द्वारा तय किया जाना चाहिए। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह बात कही है। जंग के दौरान ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को बाधित किया गया है जिससे पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट देखने को मिला है।

  • 3:59 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    बहरीन ने 182 मिसाइलों और 400 ड्रोनों को रोका

    बहरीन की रक्षा सेना का कहना है कि जंग शुरू होने के बाद से उसने देश को निशाना बनाने वाली 182 मिसाइलों और 400 ड्रोनों को रोककर नष्ट कर दिया है।

  • 3:23 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    दुबई में मलबा गिरने से चार लोग घायल

    दक्षिणी दुबई में घरों पर एक इंटरसेप्शन का मलबा गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "दक्षिणी दुबई में रिहायशी घरों पर एक इंटरसेप्शन का मलबा गिरा, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा और चार एशियाई नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं।"

  • 2:53 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    दुश्मन की टांगे काट दी जाएंगी: ईरान

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान और दावों के विपरीत ईरान ग्राउंड ऑपरेशन का जवाब देने के लिए गंभीर तैयारी कर रहा है। आईआरजीसी के खातम अल अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि ईरान की जमीन पर पैर रखने वाले दुश्मन की टांगे काट दी जाएंगी।

  • 2:09 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान की कोर्ट ने कहा, युद्धकाल में दंड और भी सख्त हो जाते हैं

    ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जासूसी करने या "शत्रु राज्यों" की सहायता करने के आरोपी व्यक्तियों को मृत्युदंड और उनकी सभी संपत्तियों की ज़ब्ती का सामना करना पड़ सकता है। दुश्मन को निशाना बनाने में मदद करने वाली तस्वीरें या वीडियो साझा करना भी खुफिया सहयोग माना जा सकता है। ईरानी मीडिया ने संवेदनशील स्थलों की फिल्मिंग करने, सरकार विरोधी सामग्री साझा करने या विदेशी शक्तियों की सहायता करने के आरोप में 1,000 से अधिक गिरफ्तारियों की रिपोर्ट की है। न्यायपालिका ने इस बात पर ज़ोर दिया कि युद्धकाल में दंड और भी सख्त हो जाते हैं और उल्लंघनकर्ताओं के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

  • 1:55 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान के इस्फहान इलाके में भीषण हमला

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में हुए एक भीषण विस्फोट का वीडियो साझा किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह विस्फोट मंगलवार तड़के इस्फ़हान शहर में हुआ। फुटेज में कई धमाके होते दिख रहे हैं, जिसके बाद भीषण आग की लपटें आसमान को नारंगी रंग से रोशन कर देती हैं।

  • 1:07 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    दुबई में बड़े धमाके, दूर तक गूंजी आवाज

    समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, दुबई में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि वह मिसाइल हमलों के खतरे से निपटने के लिए कदम उठा रहा है। अधिकारियों ने निवासियों से आग्रह किया, "कृपया सुरक्षित स्थान पर रहें और चेतावनियों और अपडेट के लिए आधिकारिक चैनलों का अनुसरण करें।"

  • 12:52 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    IRGC ने तंगसिरी की मौत का बदला लेने की कसम खाई

    इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए नौसेना कमांडर अलीरेज़ा तंगसिरी की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। सरकारी प्रेस टीवी ने आईआरजीसी के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर अली अब्दुल्लाही के हवाले से कहा, "वीर आईआरजीसी लड़ाकों के हाथों बेबस दुश्मनों को पहले से कहीं अधिक करारा और भीषण प्रहार किया जाएगा।"

  • 12:46 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    अमेरिका पर अब हमला नहीं करेंगे ट्रंप?

    दुबई के तट पर कुवैती तेल टैंकर पर ईरानी हमले के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट वायदा की कीमत लगभग 4% बढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, लेकिन वाशिंगटन जर्नल की एक रिपोर्ट के बाद इसमें कुछ गिरावट आई। रिपोर्ट में कहा गया था कि डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद रहने पर भी ईरान के खिलाफ अमेरिकी आक्रमण समाप्त करने को तैयार हैं। ईरानी हमले के समय, कुवैत के ध्वज वाला विशाल कच्चा तेल वाहक पोत अल-सलमी, दुबई बंदरगाह के लंगर क्षेत्र में था, जो कुवैत से मात्र 31 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में स्थित है और फारस की खाड़ी से बाहर निकलने की प्रतीक्षा कर रहे जहाजों से भरा हुआ है।

     

  • 12:29 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान ने इजरायल पर बड़ा साइबर अटैक किया

    ईरान ने इजरायल पर बड़ा साइबर अटैक किया है। जानकारी के मुताबिक 50 इजरायली कंपनियों के डाटा को हैक किया गया है, साथ ही सिक्योरिटी कैमरे भी हैक किए गए हैं। इनमें से एक हैकर की लोकेशन तेहरान की पाई गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश