1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ब्रिटेन ने कहा, अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ हमले को ‘तैयार’ हैं हम

ब्रिटेन ने कहा, अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ हमले को ‘तैयार’ हैं हम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 31, 2021 09:19 pm IST,  Updated : Aug 31, 2021 09:20 pm IST

ब्रिटेन के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर माइक विगस्टन ने ‘द डेली टेलिग्राफ’ अखबार से सोमवार को कहा कि ब्रिटेन इस्लामिक स्टेट-खुरसान के खिलाफ हमले में शामिल हो सकता है।

Afghanistan Crisis, Afghanistan Crisis Britain, Afghanistan Crisis ISIS-K, ISIS-K- India TV Hindi
इस्लामिक स्टेट खुरसान ने काबुल स्थित हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए दोहरे धमाके की जिम्मेदारी ली थी। Image Source : AP

काबुल/लंदन: पेंटागन द्वारा अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट-खुरसान (ISIS-K) से जुड़े कम से कम 2,000 लड़ाकों की मौजूदगी का खुलासा करने के बाद ब्रिटेन ने कहा है कि इस आतंकवादी संगठन के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए वह हमले करने के लिए ‘तैयार’ है। गौरतलब है कि इस्लामिक स्टेट के अफगानिस्तान में सहयोगी जिसे इस्लामिक स्टेट खुरसान कहा जाता है, ने काबुल स्थित हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बीते गुरुवार को हुए दोहरे धमाके की जिम्मेदारी ली थी जिसमें 169 अफगान और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे।

‘अपने साझेदारों के साथ खड़ा है ब्रिटेन’

ब्रिटेन के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर माइक विगस्टन ने ‘द डेली टेलिग्राफ’ अखबार से सोमवार को कहा कि ब्रिटेन इस्लामिक स्टेट-खुरसान के खिलाफ हमले में शामिल हो सकता है। वह अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद ब्रिटिश और अमेरिकी सैनिकों की वापसी पूरी होने के बाद बोल रहे थे। विगस्टन ने कहा, ‘ब्रिटेन दाएश (इस्लामिक स्टेट) द्वारा काबुल एयरपोर्ट पर किए गए हमले में मारे गए लोगों के शोक में अपने साझेदारों के साथ खड़ा है और कहीं भी दाएश का सामूहिक रूप से हर तरह से मुकाबला करने के लिए साथ है।’

‘हम अपने योगदान के लिए तैयार हैं’
विगस्टन ने कहा, ‘अगर हमारे के लिए योगदान करने का अवसर बनता है तो मुझे कोई संशय नहीं है कि हम उसके लिए तैयार हैं। चाहे कहीं भी हिंसक चरमपंथ का उदय होता है और ब्रिटेन और उसके सहयोगियों पर प्रत्यक्ष या परोक्ष खतरा उत्पन्न होता है तो हम तैयार हैं। अफगानिस्तान दुनिया के सबसे अगम्य स्थानों में से एक है।’ अखबार के मुताबिक ब्रिटिश सरकार के अधिकारी हवाई हमले के लिए रणनीतिक मदद की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं जिससे सवाल पैदा हो रहे हैं कि रॉयल एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों का ठिकाना कहां होगा और कैसे वे ईंधन भरेंगे और कैसे जमीन पर मौजूद लक्ष्य को चिह्नित करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश