1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सीरिया से IS का सफाया, अमेरिका समर्थित सीरियाई विद्रोही गुटों ने किया जीत का ऐलान

सीरिया से IS का सफाया, अमेरिका समर्थित सीरियाई विद्रोही गुटों ने किया जीत का ऐलान

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 23, 2019 02:06 pm IST,  Updated : Mar 23, 2019 02:06 pm IST

सीरिया में अमेरिका समर्थित विद्रोही गुटों ने पूर्वी सीरिया के बागुज गांव में इस्लामिक स्टेट के कब्जे वाले आखिरी इलाके को मुक्त कराने के साथ ही आतंकवादी समूह पर जीत की शनिवार को घोषणा कर दी।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image

बागुज: सीरिया में अमेरिका समर्थित विद्रोही गुटों ने पूर्वी सीरिया के बागुज गांव में इस्लामिक स्टेट के कब्जे वाले आखिरी इलाके को मुक्त कराने के साथ ही आतंकवादी समूह पर जीत की शनिवार को घोषणा कर दी। कुर्द नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज के प्रवक्ता मुस्तफा बाली ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बागुज मुक्त हो गया और IS के खिलाफ सैन्य जीत हासिल कर ली गई।’’ बागुज में IS के कब्जे वाले इलाके को मुक्त कराने के साथ ही आतंकवादियों के स्वयंभू खलीफा का अंत हो गया है।

अमेरिका और उसके सहयोगियों का IS के चंगुल वाले क्षेत्रों को आजाद कराने का अभियान पांच साल तक चला। इस अभियान में 1,00,000 से ज्यादा बमों का इस्तेमाल किया गया और अनगिनत आतंकवादी और आम नागरिक मारे गए। घोषणा से एक दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया कि इस्लामिक स्टेट के आतंकवादी अब सीरिया के किसी भी क्षेत्र में मौजूद नहीं हैं।

IS ने इलाके में अपने कब्जे के दौरान बड़े पैमाने पर नरसंहार किया और इनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाया। साल 2014 में इराक के सिंजार क्षेत्र में आतंक मचाने के दौरान उसने यजीदी धार्मिक अल्पसंख्यक समुदाय की हजारों महिलाओं और लड़कियों को बंधक बनाया और उन्हें यौन दास बनने के लिए मजबूर किया। इनमें से कई आज तक लापता हैं।

IS का अब सीरिया या इराक में किसी भी क्षेत्र पर कब्जा नहीं है, लेकिन वह अब भी इन दोनों देशों में आतंकवादी हमले कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश