ढाका। बांग्लादेश के चिकित्सा नियामक निकाय ने कोरोना वायरस के खिलाफ एक चीनी कंपनी द्वारा विकसित किये जा रहे कोविड-19 के टीके के अंतिम या तीसरे चरण के मानव परीक्षण को रविवार को मंजूरी दे दी। बांग्लादेश मेडिकल रिसर्च काउंसिल (बीएमआरसी) ने चीनी कंपनी शिनोवैक बायोटेक लिमिटेड द्वारा टीके के अंतिम चरण का परीक्षण करने की मंजूरी दे दी।
Related Stories
ढाका के इंटरनेशनल सेंटर फॉर डायरियल डिजीज रिसर्च बांग्लादेश (आईसीडीडीआर बी) ने यह अध्ययन करने की अनुमति मांगते हुए रिसर्च प्रोटोकॉल सौंपा था। बीएमआरसी के निदेशक महमूद-उज-जहान ने कहा, 'हमारी (बीएमआरसी की) नेशनल रिसर्च एथिक्स कमिटी ने शिनोवैक के कोविड-19 टीके के तीसरे चरण के क्लीनिकल परीक्षण के लिए अनुमति दी है।' बीएमआरसी अधिकारी ने कहा कि नियामक संस्था ने आईसीडीडीआरबी के प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए चीन में सिनोवैक के शोध में प्रगति का अध्ययन करते हुए टीके की संभावना और सुरक्षा के मुद्दों के साथ-साथ 'बांग्लादेश के लाभ' पर विचार किया।