1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सिक्किम सेक्टर में भारत के साथ जारी गतिरोध के बीच चीन की सेना का युद्धाभ्यास

सिक्किम सेक्टर में भारत के साथ जारी गतिरोध के बीच चीन की सेना का युद्धाभ्यास

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 06, 2017 08:35 pm IST,  Updated : Jul 06, 2017 08:35 pm IST

सिक्किम गतिरोध के बीच चीन की सेना तिब्बत के ऊंचाई वाले इलाके में युद्ध के वास्तविक हालात के मुताबिक अभ्यास कर रही है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह सैन्य अभ्यास 5,100 मीटर की ऊंचाई पर किया जा रहा है।

Courtesy-चाइना मिलिट्री...- India TV Hindi
Courtesy-चाइना मिलिट्री ऑनलाइन

बीजिंग: सिक्किम में जारी गतिरोध के बीच चीन की सेना तिब्बत के ऊंचाई वाले इलाके में युद्ध के वास्तविक हालात के मुताबिक अभ्यास कर रही है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह सैन्य अभ्यास 5,100 मीटर की ऊंचाई पर किया जा रहा है। इस अभ्यास में नए हथियारों का परीक्षण करने के साथ-साथ गोलीबारी भी कराई जा रही है। भारत और चीन की सेनाओं के बीच सिक्किम सेक्टर के नाथू ला में गतिरोध जारी है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अभ्यास में युद्ध अभियान कमान, युद्ध में सहयोग, गोलीबारी का प्रशिक्षण और शस्त्रों की समग्र निगरानी को शामिल किया गया है। पिछले सप्ताह चीनी रक्षा विभाग के प्रवक्ता कर्नल वू किन ने मीडिया से कहा था कि सैन्य अभ्यास के दौरान करीब 35 टन वजन वाले टैंक का परीक्षण किया जा रहा है। शिन्हुआ ने अपनी वेबसाइट पर इस अभ्यास की तस्वीरें भी जारी की है। यह अभ्यास सिक्किम सेक्टर के डोकालाम इलाके में भारत और चीन के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में हो रहा है।

जब प्रवक्ता से पूछा गया था कि क्या ये परीक्षण भारत को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं, प्रवक्ता ने जवाब दिया था, 'इस परीक्षण का उद्देश्य उपकरणों को टेस्ट करना है और यह किसी भी देश को निशाना बनाकर नहीं किया जा रहा है।' हालांकि चीन की सरकारी मीडिया ने हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा था कि चीन सिक्किम सेक्टर में भारत को पीछे करने के लिए सैन्य ताकत का इस्तेमाल भी कर सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश