1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दो वक्त की रोटी के लिए भी तरस रहा पाकिस्तान, दुकानदार से माफी मांगकर आटा-दाल लूट रहे लोग

दो वक्त की रोटी के लिए भी तरस रहा पाकिस्तान, दुकानदार से माफी मांगकर आटा-दाल लूट रहे लोग

 Reported By: IANS
 Published : Jan 27, 2020 07:10 pm IST,  Updated : Jan 27, 2020 07:10 pm IST

पाकिस्तान में आर्थिक बदहाली और महंगाई की मार का यह आलम है कि वहां अब आटा, दाल और मसालों को हासिल करने के लिए लूटपाट शुरू हो गई है।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

कराची: पाकिस्तान में आर्थिक बदहाली और महंगाई की मार का यह आलम है कि वहां अब आटा, दाल और मसालों को हासिल करने के लिए लूटपाट शुरू हो गई है। देश के सबसे बड़े शहर कराची में अपनी तरह की एक अनोखी वारदात में कुछ लोगों ने एक किराने की दुकान से आटा, दाल जैसे चीजें लूट लीं और दुकानदार से यह कहते हुए माफी मांगी कि उन्होंने इससे पहले कभी यह काम नहीं किया, मजबूरी में ऐसा करना पड़ रहा है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि कराची का कोई इलाका ऐसा नहीं है जहां इस वक्त लूटपाट की घटनाएं न हो रही हों। राह चलते लोगों से लेकर डिपार्टमेंटल स्टोर तक लूटे जा रहे हैं। ऐसी ही एक घटना शहर के शरीफाबाद इलाके में हुई।

दुकानदार अतीक ने बताया कि वह सालों से शरीफाबाद इलाके में रह रहे हैं और यहीं पर उनकी किराने की दुकान है। रविवार सुबह उन्होंने अपनी दुकान खोली ही थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए। इन लोगों ने दस-दस किलो आटे की दो थैलियां, अलग-अलग दालों के दस किलो से अधिक के पैकेट, तेल और घी की दस थैलियां और पांच किलो मसालों के पैकेट उठाए और चलते बने।

दुकानदार ने बताया कि इसी दौरान एक सेल्समैन दुकान पर आ गया। दोनों लुटेरों ने उस सेल्समैन से कुछ नकदी छीन ली और उसका मोबाइल फोन भी ले लिया और इस सबके लिए माफी मांगी। दोनों ने दुकानदार से कहा, "हम बेहद मजबूरी के हालत में यह चोरी कर रहे हैं। इससे पहले हमने कभी कोई वारदात नहीं की है। अगर मजबूर न होते तो हम कभी ऐसी घिनौनी हरकत नहीं करते। इसलिए हमें माफ कर दीजिएगा।"

दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश