1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान ने ‘संघर्षविराम उल्लंघन’ को लेकर भारतीय उप उच्चायुक्त को किया तलब

पाकिस्तान ने ‘संघर्षविराम उल्लंघन’ को लेकर भारतीय उप उच्चायुक्त को किया तलब

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 18, 2018 05:41 pm IST,  Updated : Jan 18, 2018 05:41 pm IST

पाकिस्तान ने भारतीय सैनिकों द्वारा ‘बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन’ किए जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने भारतीय सैनिकों द्वारा ‘बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन’ किए जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान का कहना है कि भारतीय सैनिकों की गोलीबारी में उसकी 2 महिलाएं मारी गई हैं। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने कहा कि महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने सिंह को तलब किया और भारतीय बलों के ‘बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम उल्लंघन करने की निंदा की।’

फैसल ने आरोप लगाया कि गत 18 जनवरी को भारतीय बलों ने सियालकोट सेक्टर में वर्किंग बाउंड्री के पार गोलीबारी की जिसमें 2 महिलाएं, 45 साल की परवीन बीबी और 20 साल की आयशा, मारी गईं तथा 5 लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा, ‘वर्किंग बाउंड्री पर तैनात भारतीय बलों ने कल रात से सियालकोट के आम नागरिकों की आबादी वाले गांवों में बिना किसी उकसावे के मोर्टार एवं स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की।’ फैसल ने कहा, ‘संयम की अपील के बावजूद भारत ने संघर्षविराम का उल्लंघन करना जारी रखा है।’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘भारत 2017 से अप्रत्याशित तरीके से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। 2017 में भारतीय बलों ने 1,900 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’ फैसल ने भारत से भारत एवं पाकिस्तान से संबंधित संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (UNMOGIP) को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत सौंपी गई भूमिका निभाने देने की भी अपील की। भारत का रुख है कि शिमला समझौते एवं इसके बाद नियंत्रण रेखा की स्थापना के बाद UNMOGIP अपनी उपयोगिता पूरी कर चुका है और उसका अब महत्व नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश