1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अगर सत्ता में आए तो आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देंगे: राहुल ने दुबई में कहा

अगर सत्ता में आए तो आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देंगे: राहुल ने दुबई में कहा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 11, 2019 04:19 pm IST,  Updated : Jan 11, 2019 04:19 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी आगामी आम चुनावों में सत्ता में आती है तो आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देगी।

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

दुबई: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां कहा कि अगर उनकी पार्टी आगामी आम चुनावों में सत्ता में आती है तो आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देगी। संयुक्त अरब अमीरात की दो दिवसीय यात्रा पर आए गांधी ने दुबई में लेबर कॉलोनी में एकत्रित भारतीय कामगारों को संबोधित किया। गांधी ने कहा, ‘‘जैसे ही हमारी सरकार सत्ता में आएगी हम आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देंगे।’’

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का दो जून 2014 को विभाजन कर दो अलग राज्य बना दिए गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘आपने भारत, भारतीय राज्यों और गरीब लोगों की मदद की तथा आपने दुबई शहर बनाने के लिए काम किया जो पूरे विश्व में महान है। मैं आपको तहे दिल से शुक्रिया कहना चाहता हूं।’’

संयुक्त अरब अमीरात के विकास की प्रशंसा करते हुए गांधी ने कहा कि आप यहां जो भी बड़ा विकास देखते हो, ऊंची इमारतें, बड़े हवाईअड्डे और मेट्रो, ये सब आपके योगदान के बिना नहीं बनते। उन्होंने कहा, ‘‘आपने इस शहर के विकास के लिए अपना खून-पसीना और समय दिया और आपने सभी भारतीयों को गौरवान्वित किया।’’ गांधी ने आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर पिछले साल मार्च में जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के समूह को दिए बयान को दोहराया।

उन्होंने तब कार्यकर्ताओं से कहा था, ‘‘हम आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देंगे। 2019 में सत्ता में आने के बाद यह पहली चीज होगी जो हम करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि अगर हम एक साथ खड़े होंगे तो हम भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात के लिए राजी कर लेंगे कि जो आंध्र प्रदेश के लोगों का बकाया है वो उन्हें दिया जाना चाहिए।’’

आम चुनाव इस साल अप्रैल और मई के बीच होने हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश