1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यमन: राष्ट्रपति ने अपनी सेना को अदन में गोलीबारी बंद करने का आदेश दिया

यमन: राष्ट्रपति ने अपनी सेना को अदन में गोलीबारी बंद करने का आदेश दिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 28, 2018 09:19 pm IST,  Updated : Jan 28, 2018 09:19 pm IST

सऊदी अरब के समर्थन वाली सरकार और यहां के विद्रोहियों के बीच 2015 से चल रही जंग में भी 8,600 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

अदन: यमन के राष्ट्रपति अबद्राबो मंसूर हादी ने अपने बलों को अंतरिम राजधानी अदन में रविवार को फौरन गोलीबारी बंद करने का आदेश दिया। प्रधानमंत्री अहमद बिन दागेर द्वारा दक्षिणी बंदरगाह शहर में सरकारी बलों के कमांडरों को जारी संदेश में यह अपील की गई। संदेश में कहा गया है, ‘यमनी सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति हादी से मिले निर्देशों के आधार पर और अरब गठबंधन के साथ वार्ता के बाद आपको सभी सैन्य इकाइयों को फौरन ही गोलीबारी बंद करने का अवश्य ही आदेश देना चाहिए।’

वहीं, इससे पहले प्रधानमंत्री बिन दागेर ने दक्षिणी अलगाववादियों पर अदन की अंतरिम राजधानी में सरकारी मुख्यालय पर कब्जा करने के बाद तख्तापलट करने का आरोप लगाया था। प्रधानमंत्री ने एक वक्तव्य में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी नीत गठबंधन से हस्तक्षेप करने की अपील की। यह अपील राष्ट्रपति अबद्राबो मंसूर की सरकार की वफादार सैन्य इकाई और दक्षिणी अलगाववादियों के वफादार सुरक्षा बलों के बीच भीषण संघर्ष के कुछ घंटों बाद की गई। अदन के ज्यादातर हिस्सों में हुए संघर्ष में कम से कम 6 लोग मारे गए हैं और दर्जनों अन्य घायल हुए हैं।

आपको बता दें कि यमन इस समय गंभीर मानवीय संकट से जूझ रहा है। 2017 में अब तक इस मुल्क में 2,000 से भी ज्यादा लोगों की हैजे के कारण मौत हो गई है। इसके अलावा यहां बड़े पैमाने पर भुखमरी भी फैली है। वहीं सऊदी अरब के समर्थन वाली सरकार और यहां के विद्रोहियों के बीच 2015 से चल रही जंग में भी 8,600 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश