1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से 15 की मौत; ईद की छुट्टी मनाने जा रहे थे मजदूर

बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से 15 की मौत; ईद की छुट्टी मनाने जा रहे थे मजदूर

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 25, 2026 11:56 am IST,  Updated : May 25, 2026 02:16 pm IST

बांग्लादेश में एक ट्रक पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ट्रक से जा रहे लोग लिफ्ट मांगकर सवार हुए थे। ये सभी मजदूर ईद मनाने घर जा रहे थे।

ट्रक पलटने से 15 लोगों की मौत।- India TV Hindi
ट्रक पलटने से 15 लोगों की मौत। Image Source : AP

ढाका: बांग्लादेश में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रक पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 10 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि ढाका से 83 किमी दूर यह हादसा हुआ। ट्रक में सवार लोग लिफ्ट लेकर यात्रा पर निकले थे। इसमें अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर थे, जो छुट्टी में ईद मनाने घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ है। 

सुबह 5 बजे हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के मध्य बांग्लादेश के एक प्रमुख राजमार्ग पर लोहे की छड़ों और अतिरिक्त यात्रियों से लदा एक ट्रक पलट गया, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। स्थानीय पुलिस प्रमुख फुआद हुसैन ने बताया कि यह दुर्घटना ढाका से 83 किलोमीटर (52 मील) उत्तर-पश्चिम में स्थित तंगेल जिले के सोराटोइल इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुई, जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

ज्यादातर लोग थे दिहाड़ी मजदूर

हुसैन ने बताया कि ट्रक में लिफ्ट मांगकर यात्री सवार थे और यह ढाका से उत्तरी क्षेत्र की ओर जा रहा था, क्योंकि गुरुवार को ईद अल-अदहा के त्योहार से पहले छुट्टियां मनाने वाले लोग यात्रा पर निकल चुके थे। उन्होंने बताया कि ट्रक पलट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि अधिकांश यात्री दिहाड़ी मजदूर थे और त्योहार के लिए अपने परिवारों से मिलने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने टीवी चैनलों को बताया कि शोर सुनकर वे घटनास्थल पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को बचाने लगे।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

वहीं इस हादसे के बाद से इलाके में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बता दें कि यातायात नियमों की खराब निगरानी, ​सड़कों की ​खराब स्थिती और अकुशल वाहन चालकों के कारण 17 करोड़ से अधिक आबादी वाले इस देश में सड़क दुर्घटनाओं में हर साल हजारों लोगों की मौत हो जाती है। 

यह भी पढ़ें-

फ्रांस से 114 और राफेल जेट खरीदेगा भारत, इंडिया में ही बनाए जाएंगे 90 लड़ाकू विमान: रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश