1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अबू धाबी में हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमले में मारे गए 2 भारतीयों की पहचान हुई

अबू धाबी में हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमले में मारे गए 2 भारतीयों की पहचान हुई

 Published : Jan 18, 2022 06:39 pm IST,  Updated : Jan 18, 2022 06:39 pm IST

अबू धाबी में सोमवार को हुए हमले में 2 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गयी थी।

Abu Dhabi Indians Killed, Abu Dhabi Drone Strike, Abu Dhabi Houthi Attack- India TV Hindi
अबू धाबी में सोमवार को ड्रोन हमला करने का दावा यमन के हूती विद्रोहियों ने किया था। Image Source : AP

Highlights

  • भारतीय दूतावास ने बताया कि हमलों में घायल हुए 6 लोगों में भी 2 भारतीय हैं।
  • दोनों भारतीयों को इलाज के बाद सोमवार रात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
  • दूतावास ने हमले में मारे गए भारतीयों की पहचान उजागर नहीं की है।

दुबई: अबू धाबी के एयरपोर्ट के पास सोमवार को हूती विद्रोहियों के संदिग्ध ड्रोन हमलों में मारे गये 2 भारतीयों की पहचान हो गयी है। हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में कई विस्फोट हुए। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमलों में घायल हुए 6 लोगों में भी 2 भारतीय हैं। दोनों को इलाज के बाद सोमवार रात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। सोमवार को अबू धाबी में ड्रोन हमला करने का दावा यमन के हूती विद्रोहियों ने किया था।

पाकिस्तानी नागरिक की भी हुई थी मौत

सोमवार को हुए इस हमले में 2 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गयी थी। तीनों ADNOC (अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी) के कर्मी थे। विस्फोट ‘छोटी-छोटी उड़ने वाली वस्तुओं’ के कारण हुए, जो संभवत: ड्रोन हो सकते हैं और ये अबू धाबी में 3 पेट्रोलियम टैंकरों पर गिरे। अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि मारे गये दोनों भारतीय नागरिकों की पहचान कर ली गयी है। उसने ट्वीट किया, ‘अबू धाबी में भारतीय दूतावास के अधिकारी उनके परिवारों के साथ संपर्क में हैं। मिशन उनके शव जल्द प्राप्त करने के लिए ADNOC समेत यूएई के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’

‘6 घायलों में 2 भारतीय नागरिक’
हालांकि, दूतावास ने हमले में मारे गए भारतीयों की पहचान उजागर नहीं की है। उसने ट्वीट किया, ‘6 घायलों में 2 भारतीय नागरिक हैं। उन्हें कल रात इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी। हम UAE सरकार, उनके विदेश मंत्रालय और ADNOC समूह के समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं।’ UAE में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने सोमवार को ‘द नेशनल’ अखबार से बातचीत में कहा कि दोनों मृत भारतीय नागरिकों के परिवारों को भारत सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।

ड्रोन हमले की कई लोगों ने की निंदा
सरकारी स्वामित्व वाली ADNOC ने सोमवार को ट्वीट किया था, ‘आज सुबह करीब 10 बजे अबू धाबी में मुस्साफाह फ्यूल डिपो में एक घटना घटी थी, जिसके कारण आग लग गयी। ADNOC को यह बताते हुए अत्यंत दु:ख है कि उसके 3 कर्मी मारे गये। इस समय पूरा ADNOC परिवार आज सुबह मारे गये हमारे सहयोगियों के परिजनों और दोस्तों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करता है।’ इस बीच, ड्रोन हमले के एक दिन बाद कई लोगों ने इसकी निंदा की और एकजुटता प्रदर्शित की।

सऊदी के क्राउन प्रिंस ने जताई संवेदना
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान से बातचीत की। सऊदी के क्राउन प्रिंस ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। यूएई के विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘यूएई इन हमलों पर जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखता है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश