1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘लोडर’ को फ्लाइट के कार्गो कंपार्टमेंट में आई नींद, मुंबई से पहुंच गया अबू धाबी

‘लोडर’ को फ्लाइट के कार्गो कंपार्टमेंट में आई नींद, मुंबई से पहुंच गया अबू धाबी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 15, 2021 06:50 pm IST,  Updated : Dec 15, 2021 06:50 pm IST

DGCA के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात विमान में सामान लादने के बाद इंडिगो एयरलाइन का एक लोडर कार्गो कंपार्टमेंट में सामान के पीछे सो गया।

Abu Dhabi, Abu Dhabi Indigo, Abu Dhabi Indigo Loader, Abu Dhabi Loader Sleeping- India TV Hindi
इंडिगो एयरलाइन की मुंबई-अबू धाबी फ्लाइट के ‘कार्गो कंपार्टमेंट’ में एक ‘लोडर’ (मजदूर) को नींद आ गई। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

Highlights

  • इंडिगो एयरलाइन की मुंबई-अबू धाबी फ्लाइट के ‘कार्गो कंपार्टमेंट’ में एक ‘लोडर’ को नींद आ गई।
  • लोडर को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी पहुंचने पर हुई जांच में सुरक्षित पाया गया।
  • कार्गो का दरवाजा बंद था और मुंबई एयरपोर्ट से विमान के उड़ान भरने पर उसकी नींद खुली।

नयी दिल्ली: हम अक्सर विमानों से जुड़ी कुछ मजेदार खबरों के बारे में सुनते रहते हैं, लेकिन मुंबई-अबू धाबी की एक फ्लाइट पर जो हुआ वह कमाल ही है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के अधिकारयों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइन की मुंबई-अबू धाबी फ्लाइट के ‘कार्गो कंपार्टमेंट’ में एक ‘लोडर’ (मजदूर) को नींद आ गई और वह मुंबई में सीधे अबू धाबी पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी पहुंचने पर उसे सुरक्षित पाया गया।

सामान के पीछे सो गया था लोडर

DGCA के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात विमान में सामान लादने के बाद इंडिगो एयरलाइन का एक लोडर कार्गो कंपार्टमेंट में सामान के पीछे सो गया। बता दें कि लोडर सामान लादने-उतारने वाला श्रमिक होता है। अधिकारियों ने बताया कि कार्गो का दरवाजा बंद था और मुंबई एयरपोर्ट से विमान के उड़ान भरने पर उसकी नींद खुली। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में विमान के उतरने पर जब वहां के अधिकारियों ने लोडर की मेडिकल जांच की तो उसकी शारीरिक हालत स्थिर व सामान्य पाई गई।

संलिप्त कर्मियों को ड्यूटी से हटाया गया
DGCA अधिकारियों ने बताया कि अबू धाबी में अधिकारियों से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद उसे उसी विमान से एक यात्री के तौर पर मुंबई वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त रहे एयरलाइन के कर्मियों को जांच लंबित रहने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। घटना के बारे में पूछे जाने पर इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम घटना से अवगत हैं और इस बारे में संबद्ध अधिकारियों को सूचित कर दिया गया। विषय की जांच की जा रही है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत