1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुए अत्याचार, 41 पूर्व पुलिस अधिकारी गिरफ्तार

बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुए अत्याचार, 41 पूर्व पुलिस अधिकारी गिरफ्तार

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Feb 17, 2025 05:56 pm IST,  Updated : Feb 17, 2025 05:56 pm IST

बांग्लादेश में बीते छात्र आंदोलन के दौरान जमकर हिंसा हुई थी। हालात इतने भयावह हो गए थे कि शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा था। अब हिंसा के दौरान अत्याचार करने के आरोप में पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

बांग्लादेश में हुई...- India TV Hindi
बांग्लादेश में हुई हिंसा के दौरान ड्यूटी करते पुलिसकर्मी Image Source : AP

ढाका: बांग्लादेश में पुलिस ने 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व अधिकारी छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान अत्याचार करने के आरोपी 1,059 पूर्व पुलिसकर्मियों में शामिल हैं। सोमवार को मीडिया में आई खबरों में इस बारे में जानकारी दी गई है। इस आंदोलन की वजह से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और उन्हें देश से जाना पड़ा था। 

कितने लोगों की हुई मौत

आरक्षण प्रणाली के खिलाफ छात्रों के भेदभाव विरोधी प्रदर्शन ने एक आंदोलन का रूप ले लिया था और हसीना की सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था। बीते साल जुलाई और अगस्त के बीच हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान करीब 1,400 लोगों की जान चली गई थी।  

दर्ज कराए गए हैं सैकड़ों मामले

समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ ने पुलिस मुख्यालय के गुमनाम अधिकारियों के हवाले से कहा कि अत्याचारों के जीवित बचे पीड़ितों या मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों ने मुख्य कानून प्रवर्तन एजेंसी के 1,059 अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए थानों और अदालतों में सैकड़ों मामले दर्ज कराए हैं। पुलिस ने अब तक 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। 

बांग्लादेश में हुई हिंसा के दौरान पुलिसकर्मी की पिटाई
Image Source : APबांग्लादेश में हुई हिंसा के दौरान पुलिसकर्मी की पिटाई

इन अधिकारियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में पुलिस के दो पूर्व महानिरीक्षक (आईजीपी) चौधरी अब्दुल्ला अल मामुन और एकेएन शाहिद-उल-हक और ढाका और दक्षिणपूर्वी बंदरगाह शहर चट्टोग्राम के पूर्व पुलिस आयुक्त - मोहम्मद असद-उज-जमां और मियां सैफ-उल- इस्लाम शामिल हैं। हक के अलावा ये अधिकारी हसीना के देश से चले जाने तक सेवारत थे। 

देश छोड़कर भागे कुछ अधिकारी

सबसे अधिक 174 मामले ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त भगोड़े हारुन-उर- रशीद के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार पूर्व आईजीपी अल मामून पर 159 मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस प्रमुख और एक पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी फरार हैं, जबकि माना जा रहा है कि उनमें से कुछ देश छोड़कर भाग गए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

ट्रंप प्रशासन के फैसले से इस देश में मचा हड़कंप, HIV पीड़ितों के इलाज पर मंडराया संकट

पाकिस्तान फिर हुआ बेइज्जत! सऊदी अरब और UAE समेत कई देशों का सख्त रुख, लिया बड़ा फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश