1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश की PM शेख हसीना ने किया मतदान, भारत को बताया पुराना दोस्त; कही ये बात

बांग्लादेश की PM शेख हसीना ने किया मतदान, भारत को बताया पुराना दोस्त; कही ये बात

 Written By: Amar Deep
 Published : Jan 07, 2024 10:34 am IST,  Updated : Jan 07, 2024 10:37 am IST

बांग्लादेश में आज हो रहे आम चुनावों के बीच पीएम शेख हसीना ने भी अपना मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने भारत को अपना पुराना और सच्चा दोस्ता बताया है। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश के विकास को लेकर भी बात की।

PM शेख हसीना ने किया मतदान।- India TV Hindi
PM शेख हसीना ने किया मतदान। Image Source : PTI

ढाका: बांग्लादेश में आज आम चुनाव हो रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आज ढाका में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने भारत की भी प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने भारत को अपना पुराना दोस्त बताया है। पत्रकारों से बात करते हुए बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत के लिए संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत हमारा भरोसेमंद दोस्त है। हमारे मुक्ति संग्राम के दौरान, उन्होंने हमारा समर्थन किया। 1975 के बाद, जब हमने अपना पूरा परिवार (माता, पिता, भाई) खो दिया था उस समय उन्होंने हमें आश्रय दिया। इसलिए भारत के लोगों को हमारी शुभकामनाएं।

देश छोटा, लेकिन हमारी आबादी बड़ी

आगे उन्होंने बांग्लादेश में आम चुनावों को लेकर भी बयान दिया। आम चुनाव के लिए हो रहे मतदान पर प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि "हमारा देश संप्रभु और स्वतंत्र है। हमारे देश का क्षेत्रफल छोटा है, लेकिन हमारी आबादी बहुत ज्यादा है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम हमारे नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करें। हमारा प्रमुख लक्ष्य हमारे देश के नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करते हुए उनके जीवन को बेहतरीन बनाना है। उन्होंने कहा कि इस देश में लोकतंत्र को जारी रखने के लिए मैं हमेशा से प्रयासरत हूं। बिना लोकतंत्र के आप कोई भी विकास का काम नहीं कर सकते हैं। साल 2009 से लेकर 2023 तक जो लोकतंत्र कायम रहा उसी की देन है जो बांग्लादेश ने अभी तक इतना कुछ हासिल किया है। 

शाम 5 बजे तक होगा मतदान

बता दें कि देश भर के 300 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान चल रहा है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है। रविवार को 42,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर कुल 11.96 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस बार के चुनाव में 27 राजनीतिक दलों के 1,500 से अधिक उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा 436 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। वहीं भारत के तीन पर्यवेक्षकों समेत 100 से अधिक विदेशी पर्यवेक्षक 12वें आम चुनाव की निगरानी करेंगे। यह चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे चलेगा। वहीं इस चुनाव के नतीजे 8 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- 

हिंसा और बायकॉट के बीच बांग्लादेश में मतदान आज, क्या फिर बनेगी हसीना की सरकार? देखें पूरी रिपोर्ट

जापान में भूकंप से मरने वालों की संख्या पहुंची 126, बारिश और बर्फबारी से बेघरों का जीना हुआ मुहाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश