1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजराइल के खतरनाक हमलों का खौफ, गाजा में शिफा अस्पताल इलाके से भागे हजारों फिलिस्तीनी

इजराइल के खतरनाक हमलों का खौफ, गाजा में शिफा अस्पताल इलाके से भागे हजारों फिलिस्तीनी

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Nov 10, 2023 08:21 pm IST,  Updated : Nov 10, 2023 08:22 pm IST

गाजा में इजराइल के भीषण हमले जारी हैं। इजराइली सेना लगातार गाजा पर हमले कर रही है। इसी बीच फिलिस्तीन का कहना है कि शिफा अस्पताल में शरण लिए हुए हजारों लोग हमलों के बाद भाग चुके हैं। लोगों में हमलों का काफी खौफ है।

गाजा में इजराइल के भीषण हमले जारी हैं।- India TV Hindi
गाजा में इजराइल के भीषण हमले जारी हैं। Image Source : PTI

Israel Hamas War: इजराइल गाजा पर लगातार हमले कर रहा है। हवाई हमलों के साथ ही अब जमीनी हमले भी किए जा रहे हैं।  उत्तरी गाजा पर इजराइली हमलों से गाजा के लोगों में काफी खौफ है। शुक्रवार को हजारों फिलिस्तीनी गाजा शहर के मुख्य अस्पताल के आसपास से भाग गए। अस्पताल कर्मचारियों ने इजराइल पर आरोप लगाया कि इजराइल ने रातभर कई अस्पतालों और उसके आसपास ताबड़तोड़ हमले किए। इजराइल के खतरनाक आक्रमण के बीच दक्षिण की ओर बड़ी संख्या में लोगों ने पलायन किया। इसी बीच गाजा के अधिकारियों ने कहा कि युद्ध में मरने वाले फिलीस्तीनी लोगों की संख्या 11000 से अधिक हो गई है।

लगातार बमबारी से परेशान हैं गाजा के लोग

इजराइल द्वारा सुरक्षित मार्ग के लिए एक कॉरिडोर की घोषणा के बाद उत्तर में युद्ध क्षेत्र से भागकर हजारों फिलिस्तीनी शुक्रवार को गाजा के एकमात्र राजमार्ग पर आ गए, लेकिन घिरे हुए इलाके में सुरक्षा की तलाश तेजी से निराशाजनक हो गई है। पिछले कुछ दिनों में दक्षिण की ओर भागे हजारों लोगों को लगातार बमबारी और गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तरी गाजा में रातभर हुए हमलों ने उन हजारों लोगों के लिए खतरे को रेखांकित कर दिया है जो अस्पतालों और उसके आसपास जमा हो गए, इस विश्वास के साथ कि वे सुरक्षित रहेंगे।

इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने गाजा को लेकर दिया बड़ा बयान

इससे पहले इजरायल-हमास युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। गाजा को लेकर इजरायल के प्लान को प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि  "हम गाजा पर शासन करना नहीं चाहते हैं। मगर "मुझे लगता है कि इजरायली सेना असाधारण रूप से गाजा में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को गाजा में युद्धविराम की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि सेना "असाधारण रूप से अच्छा" प्रदर्शन कर रही है, लेकिन इजरायल फिलिस्तीनी क्षेत्र पर फिर से कब्जा करने की योजना नहीं बना रहा है। उन्होंने फॉक्स न्यूज से कहा, "हमास के साथ युद्धविराम का मतलब आत्मसमर्पण है।" सैन्य हमले के लिए कोई "समय सारिणी" नहीं है। चाहे इसमें कितना भी समय लगे, हम यह करेंगे। 

बता दें कि 7 अक्टूबर को गाजा से सीमा पार से हमास के घुसपैठ करने के बाद इजरायल ने आतंकियों को नष्ट करने की कसम खाई है। हमास के हमले में इजरायल के 1,400 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर नागरिक थे और लगभग 240 लोगों को बंधक बना लिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश