1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. थाईलैंड में भीषण सड़क हादसा, बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

थाईलैंड में भीषण सड़क हादसा, बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 05, 2023 03:00 pm IST,  Updated : Dec 05, 2023 03:00 pm IST

थाईलैंड में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। हादसा प्रचुआप खिरी खान प्रांत में उस वक्त हुआ, जब बस बैंकॉक से सुदूर दक्षिण में सोंगखला प्रांत की ओर जा रही थी। बस में 49 लोग सवार थे।

थाईलैंड में भीषण सड़क हादसा- India TV Hindi
थाईलैंड में भीषण सड़क हादसा Image Source : FILE

Thailand News: थाईलैंड में एक बड़ा बस हादसा सामने आया है। इस बस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 30 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। यह हादसा पश्चिमी थाईलैंड में मंगलवार को तड़के हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा प्रचुआप खिरी खान प्रांत में उस वक्त हुआ, जब बस बैंकॉक से सुदूर दक्षिण में सोंगखला प्रांत की ओर जा रही थी। बस में 49 लोग सवार थे।

 पेड़ से टकराते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई बस

अचानक बस सड़क से हटकर हाट वानाकोर्न नेशनल पार्क के पास एक पेड़ से टकरा गयी। प्रचुआप खिरी खान प्रांत थाईलैंड और म्यांमा की खाड़ी के बीच फैले तट पर स्थित है। हुआय यांग पुलिस थाने के अधीक्षक कर्नल वीरापत केटेसा ने कहा, ‘हमें संदेह है कि बस चालक सो गया होगा, जिससे यह दुर्घटना हुई।' उन्होंने कहा कि अधिकारी चालक के रक्त के परीक्षण के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। 

क्या हुआ बस चालक का?

इस बस दुर्घटना में बस चालक बच गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वीरापत ने कहा कि अधिकतर पीड़ित थाईलैंड के निवासी हैं तथा कुछ लोग म्यामांर के नागरिक हैं। 'सवांग रूंगरुएंग रेस्क्यू फाउंडेशन' के अनुसार, लगभग 35 लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 

दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच

समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बयान के हवाले से बताया कि यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 12.30 बजे प्रचुआप खिरी खान प्रांत में हुई। बस राजधानी बैंकॉक से सोंगखला प्रांत के नथावी जिले की ओर जा रही थी. बयान में कहा गया, ''घायलों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया।' पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश