1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंका को IMF ने दूसरी किस्त में दिया 33 करोड़ डॉलर, सरकार निपटाएगी बहुपक्षीय कर्ज

श्रीलंका को IMF ने दूसरी किस्त में दिया 33 करोड़ डॉलर, सरकार निपटाएगी बहुपक्षीय कर्ज

 Published : Oct 21, 2023 06:37 pm IST,  Updated : Oct 21, 2023 06:37 pm IST

गंभीर आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे श्रीलंका को अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मिले ऋण के जरिये उबरने की उम्मीद है। श्रीलंका की सरकार ने आईएमएफ की दूसरी किस्त का इस्तेमाल अपने बहुपक्षीय कर्जदाताओं का कर्ज देने में करने का फैसला किया है। श्रीलंका इससे धीरे-धीरे आर्थिक हालात को पटरी पर लाने का प्रयास करेगा।

श्रीलंका के वित्त राज्य मंत्री शेहान सेमासिंघे- India TV Hindi
श्रीलंका के वित्त राज्य मंत्री शेहान सेमासिंघे Image Source : FILE

गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) से मिली राहत पैकेज की दूसरी किस्त उसके बहुपक्षीय कर्जदाताओं का कर्ज निपटाने के काम आएगी। श्रीलंका इस पैसे से विश्व बैंक समेत अन्य संस्थाओं का कर्ज भरेगा। ताकि उनका भरोसा कायम कर फिर से ऋण प्राप्त किया जा सके। श्रीलंका की सरकार ने कहा है कि वह इस कर्ज का इस्तेमाल अपने बहुपक्षीय कर्जदाताओं का बकाया कर्ज चुकाने और अपनी कर्ज पुनर्गठन प्रक्रिया को तेज करने में करेगा।

श्रीलंका के वित्त राज्य मंत्री शेहान सेमासिंघे ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुद्राकोष से राहत पैकेज की दूसरी किस्त के रूप में मिलने वाले 33 करोड़ डॉलर कोष से वह विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसे बहुपक्षीय संस्थानों को बकाया भुगतान कर सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे श्रीलंका को अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ कर्ज पुनर्गठन प्रक्रिया तेज करने में मदद मिलेगी।

आईएमएफ ने दिया है 2.9 अरब डॉलर का कुल पैकेज

आईएमएफ ने इस साल मार्च में श्रीलंका के आर्थिक सुधारों को गति देने के लिए चार साल के भीतर 2.9 अरब डॉलर का राहत पैकेज देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। श्रीलंका पिछले साल की शुरुआत में विदेशी मुद्रा की कमी के कारण गहरे आर्थिक संकट में फंस गया था। हालांकि लगातार उठाए गए कदमों से स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं लेकिन आर्थिक स्थिरता पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। इस बीच आईएमएफ ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि श्रीलंका को अपना राजस्व बढ़ाने और बेहतर प्रशासन पर जोर देने की जरूरत है। ​ (भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश