1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान खान को फिर सताया जान का डर, मरयम नवाज पर लगाया आरोप, बोले- ‘धार्मिक कट्टरपंथी’ से हत्या कराए जाने की साजिश रच रहीं

इमरान खान को फिर सताया जान का डर, मरयम नवाज पर लगाया आरोप, बोले- ‘धार्मिक कट्टरपंथी’ से हत्या कराए जाने की साजिश रच रहीं

 Edited By: Shilpa
 Published : Sep 27, 2022 10:06 am IST,  Updated : Sep 27, 2022 02:40 pm IST

Imran Khan-Maryam Nawaz: इमरान खान ने कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा, “मरयम नवाज ने अपने साथियों के साथ मेरे खिलाफ सांप्रदायिकता और धार्मिक नफरत का प्रचार किया ताकि कोई भी धार्मिक कट्टरपंथी इससे भड़क जाए और मेरा कत्ल कर दे।”

Imran Khan-Maryam Nawaz- India TV Hindi
Imran Khan-Maryam Nawaz Image Source : INDIA TV

Highlights

  • इमरान खान को सताया जान का डर
  • मरयम नवाज पर लगाया आरोप
  • धार्मिक कट्टरपंथी से हत्या का खौफ

Imran Khan-Maryam Nawaz: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की वरिष्ठ नेता मरयम नवाज पर उनके खिलाफ 'साम्प्रदायिकता और धार्मिक नफरत' का प्रचार करने और 'धार्मिक कट्टरपंथी' के जरिए उनका कत्ल कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। खान ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरयम इतनी बेचैन हैं कि वह ये सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) उन्हें तोशाखाना मामले में अयोग्य घोषित कर दे। यह मामला अपनी संपत्ति की घोषणा के दौरान मिले तोहफों की जानकारी का खुलासा नहीं करने से संबंधित है।

69 वर्षीय खान ने कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा, “मरयम नवाज ने अपने साथियों के साथ मेरे खिलाफ सांप्रदायिकता और धार्मिक नफरत का प्रचार किया ताकि कोई भी धार्मिक कट्टरपंथी इससे भड़क जाए और मेरा कत्ल कर दे।” पूर्व क्रिकेटर एवं सियासतदां ने कहा, “मैं मौत से नहीं डरता क्योंकि यह अल्लाह तय करते हैं, कोई और नहीं।” लाहौर से करीब 400 किलोमीटर दूर रहीम यार खान में पिछले शनिवार को हुई एक रैली में भी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष ने उनकी हत्या की साजिश रचने की बात कही थी।

Imran Khan-Maryam Nawaz
Image Source : APImran Khan-Maryam Nawaz

मुल्क को इस शैतान से बचाएं- मरयम

उन्होंने दावा किया था, 'चार लोगों ने मुझे मारने के लिए 'बंद दरवाजों' के पीछे फैसला किया था।” इससे पहले, मरयम ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इमरान खान के दो कथित बयान और उनसे तुलना करने के लिए कुरान की कई आयतें अपलोड की थीं। उन्होंने कहा, “ये (इमरान) अपनी राजनीति के लिए मजहब का इस्तेमाल कर रहे हैं और अपने झूठे विमर्श को बढ़ावा दे रहे हैं। अपने मजहब और मुल्क को इस शैतान से बचाएं।”

ऑडियो लीक मामले में घिरीं मरयम

इमरान खान ने गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ऑडियो लीक में शहबाज अपनी भतीजी मरियम नवाज के दामाद (राहिल मुनीर) के लिए भारत से कुछ मशीनरी मंगाने के बारे में बात कर रहे हैं। यदि शहबाज में जरा भी शर्म बची है तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए , अन्यथा हम उन्हें घर भेज देंगे।’ खान ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज से जुड़ा दूसरा ऑडियो शीघ्र लीक होगा जिसमें वह अपने पिता से यह कहते हुए सुनी जा सकती हैं कि अपने संपत्ति की घोषणा में सरकारी खाने से प्राप्त उपहारों के बारे में सूचना नहीं देने पर तोशाखाना मामले में चुनाव आयोग इमरान को अयोग्य करार देने जा रहा है।

Imran Khan-Maryam Nawaz
Image Source : INDIA TVImran Khan-Maryam Nawaz

शहबाज शरीफ से इस्तीफा मांगा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके कैबिनेट अधिकारियों के बीच अनौपचारिक बातचीत के कुछ ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने उनके (शरीफ) इस्तीफे की मांग की। पाकिस्तान के खुफिया ब्यूरो ने इसके परिणामस्वरूप हुई सुरक्षा चूक की जांच का आदेश दिया है। पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष खान ने कहा, ‘प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को उनके, कुछ मंत्रिमंडलीय सदस्यों एवं सरकारी अधिकारियों से जुड़े ऑडियो के लीक होने के बाद इस्तीफा दे देना चाहिए।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश