1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. आतंकवाद के खिलाफ जंग में भारत के साथ इंडोनेशिया भी दहाड़ा, सुनकर पाकिस्तान को आ जाएगा चक्कर

आतंकवाद के खिलाफ जंग में भारत के साथ इंडोनेशिया भी दहाड़ा, सुनकर पाकिस्तान को आ जाएगा चक्कर

 Published : May 29, 2025 07:07 pm IST,  Updated : May 29, 2025 07:07 pm IST

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच उस वक्त तनाव बढ़ गया था, जब भारत ने छह मई की देर रात को पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचों पर सटीक हमले किए। पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की, जिसका भारतीय ने कड़ा जवाब दिया।

पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो।- India TV Hindi
पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो। Image Source : AP

जकार्ता (इंडोनेशिया): पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर चलाने के बाद भारत ने दुनिया के कई देशों में सर्वदलीय सांसदों का डेलीगेशन भेजा है। इस कड़ी में एक भारतीय डेलीगेशन इंडोनेशिया भी पहुंचा। इंडोनेशिया ने आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख का जबरदस्त समर्थन किया है।  इंडोनेशिया की नेशनल मैंडेट पार्टी (पीएएन) के नेताओं ने भारत के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए बृहस्पतिवार को भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से कहा कि ‘‘आतंकवाद फैलाने के लिए धर्म और जाति को आधार नहीं बनाया जा सकता’’।

इंडोनेशिया का यह आह्वान सुनकर निश्चित रूप से पाकिस्तान को बड़ा झटका लगेगा। भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशिया में मित्र देशों के स्थानीय राजदूतों से मुलाकात की। मित्र देशों के राजनयिकों ने सभी रूपों में आतंकवाद की कड़ी निंदा की और इस खतरे का मुकाबला करने के लिए एकजुट वैश्विक प्रयासों की तत्काल आवश्यकता को दोहराया। जनता दल (यू) के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल, आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के बारे में नयी दिल्ली के स्पष्ट रुख से स्थानीय नेताओं और राजनयिकों, थिंक टैंक और मीडिया को अवगत कराने के मिशन के साथ यहां आया है।

भारतीय दूतावास ने किया ये पोस्ट

जकार्ता में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय सांसदों ने आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने के भारत के रुख पर विचार साझा किए।’’ पोस्ट में यह भी कहा गया, ‘‘पीएएन पार्टी नेतृत्व ने भारत के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएएन नेताओं ने बताया कि वे भारत के साथ एकजुट खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आतंकवाद फैलाने के लिए धर्म और जाति को आधार नहीं बनाया जा सकता।’’ बैठक में पीएएन से शामिल होने वाले सांसदों में डेसी रत्नसारी, फराह पुत्री नाहलिया, ओक्टा कुमाला देवी, डॉ. ड्राजाद विबोवो, स्लैमेट अरियादी और ए.बाकरी भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशिया में मित्र देशों के स्थानीय राजनयिकों के साथ भी बातचीत की और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की संतुलित और मजबूत जवाबी कार्रवाई पर अपने विचार साझा किए।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश