1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंडोनेशिया में अचानक धंस गई पत्थर की खदान, चपेट में आने से गई कम से कम 10 लोगों की जान

इंडोनेशिया में अचानक धंस गई पत्थर की खदान, चपेट में आने से गई कम से कम 10 लोगों की जान

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 30, 2025 07:51 pm IST,  Updated : May 30, 2025 07:51 pm IST

इंडोनेशिया में खदान धंसने से बड़ा हादसा हुआ है। अचानक पत्थर की खदान के ढह जाने से 2 दर्जन से अधिक मजदूर इसमें दब गए। इस दौरान कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।

इंडोनेशिया में ढही खदान (फाइल फोटो)- India TV Hindi
इंडोनेशिया में ढही खदान (फाइल फोटो) Image Source : AP

बांडुंग (इंडोनेशिया): इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत के सिरेबोन जिले में शुक्रवार को एक प्राकृतिक पत्थर की खदान धंस गई, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 6 श्रमिक अब भी लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि की है। स्थानीय पुलिस प्रमुख सुमारनी ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ, जब खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक धंसा गया। घटना के समय वहां दो दर्जन से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए। मौके पर राहत और बचाव दल काम कर रहा है। 

प्राथमिक सूचना के अनुसार बचाव दल ने अब तक एक दर्जन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। सुमारनी ने कहा, "हम फिलहाल खदान धंसने के कारणों की जांच कर रहे हैं और मालिक व श्रमिकों से पूछताछ की जा रही है।" उन्होंने बताया कि पुलिस, आपातकालीन कर्मी, सैनिक और स्वयंसेवक मिलकर पांच उत्खनन मशीनों की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन ढीली मिट्टी के कारण अभियान में बाधाएं आ रही हैं क्योंकि इससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

रात होने के चलते रोका गया खोज अभियान

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) के प्रवक्ता अब्दुल मुहरी ने बताया कि अंधेरा हो जाने के कारण शुक्रवार शाम को तलाशी अभियान रोक दिया गया है। अब शनिवार तड़के फिर इसे शुरू किया जाएगा।

अभियान के दौरान तीन उत्खनन मशीनें और छह ट्रक भी मलबे में दबे पाए गए हैं, जिनकी खोज जारी है। शुक्रवार दोपहर तक बचावकर्मियों ने 10 शव बरामद किए, जबकि छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश