1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा में राहत का इंतजार कर रहे फिलिस्तीनियों पर फिर हुई गोलाबारी, 85 लोगों की मौत

गाजा में राहत का इंतजार कर रहे फिलिस्तीनियों पर फिर हुई गोलाबारी, 85 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jul 20, 2025 06:04 pm IST,  Updated : Jul 21, 2025 07:53 am IST

गाजा में राहत का इंतजार कर रहे लोगों पर फिर गोलाबारी होने से 85 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को मारे गए लोग विभिन्न स्थानों पर राहत सामग्री का इंतज़ार कर रहे थे।

गाजा में राहत सामग्री का इंतजार करते लोग। (फाइल)- India TV Hindi
गाजा में राहत सामग्री का इंतजार करते लोग। (फाइल) Image Source : AP

दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी): गाजा में राहत का इंतजार कर रहे लोगों पर फिर गोलाबारी होने से 85 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को गाज़ा पट्टी में मारे गए लोग विभिन्न स्थानों पर राहत सामग्री का इंतज़ार कर रहे थे। इसी दौरान इजरायली सेना ने गोलाबारी कर दी। 

सबसे ज्यादा मौतें उत्तरी गाज़ा में हुईं, जहां ज़िकिम क्रॉसिंग के ज़रिए राहत पाने की कोशिश कर रहे फिलिस्तीनियों पर गोलीबारी हुई। वहीं इस घटना में 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चश्मदीदों का दावे पर इजरायल ने नहीं दी प्रतिक्रिया

कुछ चश्मदीदों ने दावा किया है कि भीड़ पर इज़रायली सैनिकों ने गोली चलाई। मगर आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन लोगों की इज़रायली सेना की कार्रवाई में मौत हुई या फिर किसी सशस्त्र गिरोह द्वारा अथवा दोनों की संयुक्त गोलीबारी में हुई है। इज़रायली सेना की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

शनिवार को भी हुई थी 32 लोगों की मौत

इससे एक दिन पहले शनिवार को भी दक्षिणी गाजा में भोजन लेना जा रहे 32 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई थी। ये लोग खाद्य सामग्री प्राप्त करने के लिए अमेरिका और इजराइल समर्थित संगठन गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन (जीएचएफ) के वितरण केंद्रों की ओर जा रहे थे। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और अस्पताल अधिकारियों ने इस भीषण घटना की पुष्टि की।(भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश