1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल ने ग्रेटा थनबर्ग को किया डिपोर्ट, मदद ले जा रहे जहाज को पहले ही किया जा चुका है जब्त

इजरायल ने ग्रेटा थनबर्ग को किया डिपोर्ट, मदद ले जा रहे जहाज को पहले ही किया जा चुका है जब्त

 Published : Jun 10, 2025 03:11 pm IST,  Updated : Jun 10, 2025 03:11 pm IST

इजरायल ने एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग को निर्वासित कर दिया है। थनबर्ग गाजा में सहायता सामग्री ले जा रहे ‘मैडलीन’ नाम के जहाज पर सवार 12 यात्रियों में से एक थीं।

सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग (हाथ में माइक लिए हुए)- India TV Hindi
सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग (हाथ में माइक लिए हुए) Image Source : AP

यरुशलम: सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जिस जहाज पर सवार थीं उसे इजरायली सेना ने जब्त कर लिया है। जहाज को जब्त करने के एक दिन बाद थनबर्ग को मंगलवार को इजरायल से निर्वासित कर दिया गया है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर विमान में सवार थनबर्ग की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि थनबर्ग विमान से फ्रांस पहुंचने के बाद अपने देश स्वीडन रवाना हो गईं। थनबर्ग गाजा में सहायता सामग्री ले जा रहे ‘मैडलीन’ नाम के जहाज पर सवार 12 यात्रियों में से एक थीं। 

जानें इजरायल ने क्या कहा

‘फ्रीडम फ्लोटिला कोलिशन’ नाम के संगठन ने गाजा पट्टी में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया था। संगठन ने बताया कि इजरायली नौसेना बलों ने जहाज को गाजा से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जब्त कर लिया। संगठन समेत अन्य अधिकार समूहों ने इजरायल के कदमों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। इजरायल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे जहाज गाजा की उसकी नौसैनिक नाकाबंदी का उल्लंघन करते हैं। जब्त किए गए जहाज को अशदोद बंदरगाह लाया गया है।

इजरायल ने ‘मैडलीन’ नाम के जहाज को किया जब्त
Image Source : APइजरायल ने ‘मैडलीन’ नाम के जहाज को किया जब्त

जहाज पर मौजूद थीं यूरोपीय संसद की फ्रांसीसी सदस्य

यूरोपीय संसद की फ्रांसीसी सदस्य रीमा हसन भी जहाज पर मौजूद कार्यकर्ताओं में शामिल थीं। वह फलस्तीनी मूल की हैं। फलस्तीनियों के प्रति इजरायल की नीतियों का विरोध करने के कारण उन्हें इजरायल में प्रवेश करने से रोक दिया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उन्हें निर्वासित किया जा रहा है या हिरासत में लिया जा रहा है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने मंगलवार को कहा कि हिरासत में लिए गए फ्रांसीसी कार्यकर्ताओं में से एक ने निष्कासन आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं और वह मंगलवार को इजरायल छोड़कर फ्रांस चले जाएंगे। 

यह भी जानें

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, इजरायल के लगातार हमलों की वजह से गाजा में हालात भयावह नजर आ रहे हैं। मानवीय सहायता कर रहे कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर मदद नहीं पहुंची और स्थिति ऐसी ही बनी रही तो गाजा में भुखमरी जैसे हालात बन जाएंगे। इजरायल के हमलों में अब तक 54 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और घायलों की संख्या एक लाख के पार पहुंच चुकी है। जंग उस वक्त शुरू हुई थी जब हमास के आतंकियों ने सात अक्तूबर 2023 को इजरायल में हमला कर 1200 लोगों को मार डाला था और 250 लोगों को बंधक बना लिया था। (एपी)

यह भी पढ़ें:

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत-चीन-रूस को लेकर फिर दिया बड़ा बयान, जानें अब क्या कहा

हीथ्रो एयरपोर्ट पर अप्रवासी शख्स ने जमकर किया हंगामा, रनवे पर लगाई दौड़; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश