1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल ने खुद बताया- 'PM मोदी की यात्रा के बाद लिया गया ईरान पर हमले का फैसला'

इजरायल ने खुद बताया- 'PM मोदी की यात्रा के बाद लिया गया ईरान पर हमले का फैसला'

 Published : Mar 07, 2026 03:34 am IST,  Updated : Mar 07, 2026 03:34 am IST

इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान पर हमलों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी जा सकी थी। उन्होंने कहा कि ऐसा इस वजह से हुआ क्योंकि सैन्य कार्रवाई का निर्णय उनकी यात्रा के समाप्त होने के बाद लिया गया था।

Israel US Attack On Iran- India TV Hindi
Israel US Attack On Iran Image Source : AP

Israel US Attack On Iran: इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को बेहद अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान पर होने वाले हवाई हमलों की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि इस सैन्य कार्रवाई का फैसला मोदी की इजरायल यात्रा खत्म होने के बाद ही लिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल की 2 दिवसीय यात्रा की थी, जो 26 फरवरी 2026 को समाप्त हुई थी। यात्रा के ठीक 2 दिन बाद, यानी 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य हमला शुरू किया था। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। अमेरिका और ईरान की संयुक्त सैन्य कार्रवाई ने मध्य पूर्व को बड़ी जंग की ओर धकेल दिया है।

कब लिया गया ईरान पर हमले का फैसला?

'रायसीना डायलॉग' कार्यक्रम में डिजिटल तरीके से शामिल हुए गिदोन सार ने कहा कि इजरायल और भारत के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं। पिछले कुछ सालों में ये और मजबूत हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, "हम प्रधानमंत्री मोदी को इस हमले के बारे में बता नहीं सके क्योंकि यह फैसला शनिवार सुबह लिया गया।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत नाकाम होने के कारण ही हमला शुरू करने का निर्णय लिया गया।

सार ने की ईरान की आलोचना

सार ने ईरान की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम लगातार चल रहा है। वह बैलिस्टिक मिसाइलें बना रहा है और हिजबुल्लाह, हमास, हूती जैसे आतंकी समूहों को समर्थन दे रहा है। इन कारणों से क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शायद अब ईरान में शासन में बदलाव देखने को मिल सकता है।

ईरान में नेतृत्व का है संकट

इजरायल के विदेश मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब भारत में इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस छिड़ी है। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि मोदी की यात्रा के तुरंत बाद हमला क्यों हुआ। अब खुद इजरायल ने साफ किया है कि फैसला यात्रा के बाद ही लिया गया, इसलिए भारत को पहले से कुछ नहीं पता था। ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत के बाद वहां नेतृत्व का संकट पैदा हो गया है। इजरायल और अमेरिका ने कहा है कि वे ईरान से आने वाले खतरों को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रखेंगे। दूसरी ओर, ईरान ने जवाबी हमले किए हैं, जिससे तनाव और बढ़ गया है। 

यह भी पढ़ें:

अमेरिका और इजरायल से जंग के बीच खामेनेई के X अकाउंट से किया गया पोस्ट, 'यहूदियों ने बड़ी गलती कर दी'

इजरायली जंगी जहाजों ने मोसाद की मदद से ईरान में मचाया कोहराम, किया भयानक हमला; देखें VIDEO

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश