1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा में भीषण नरसंहार, इजराइली सेना के हवाई हमले में 50 फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा में भीषण नरसंहार, इजराइली सेना के हवाई हमले में 50 फिलिस्तीनियों की मौत

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Feb 12, 2024 04:11 pm IST,  Updated : Feb 12, 2024 08:14 pm IST

इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने छापेमारी के बाद क्षेत्र में हवाई हमले भी किए और वहां रखे गए दो बंधकों को मुक्त कराया।

गाजा में भीषण नरसंहार- India TV Hindi
गाजा में भीषण नरसंहार Image Source : PTI

Israel Hamas War: इजराइल और हमास में जंग जारी है। हमास की ओर से दिए गए युद्ध विराम के प्रस्ताव को इजराइल ने नकार दिया। इसके बाद से लगातार खतरनाक हमले गाजा पर जारी हैं। ताजा घटनाक्रम में इजराइल के बंधक बचाव अभियान के दौरान हुए हवाई हमलों में कम से कम 50 फलस्तीनी मारे गए। दक्षिणी गाजा शहर रफह में अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

हवाई हमले कर दो बंधकों को कराया मुक्त

अबू यूसुफ अल-नज्जर अस्पताल के निदेशक डॉ.मारवान अल-हम्स ने सोमवार को कहा कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। एसोसिएटेड प्रेस के एक पत्रकार ने भी अस्पताल में शवों को लाए जाने की सूचना दी। इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने छापेमारी के बाद क्षेत्र में हवाई हमले भी किए और वहां रखे गए दो बंधकों को मुक्त कराया। 

दो दिन पहले राफा में हुआ था भीषण हमला

इससे पूर्व अभी दो दिन पहले ही दक्षिणी गाजा शहर में हमले बढ़ाने का संकल्प व्यक्त करने के बाद गाजा पट्टी के राफा में इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए थे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को ‘अविश्वसनीय’ बताया था।

अमेरिका ने इजराइली हमलों पर कही थी ये बात

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइली हमलों पर कहा कि वह युद्ध में संघर्ष विराम के लिये इजराइल तथा हमास पर लगातार दबाव डालने का काम कर रहा है। बाइडेन ने बृहस्पतिवार शाम को खुफिया जानकारी को संभालने से संबंधित एक विशेष वकील की रिपोर्ट पर बयान देने के बाद संवाददाताओं से कहा,'जैसा कि आप जानते हैं, मेरा मानना है कि गाजा पट्टी में हो रही कार्रवाई चरम पर है।'

गाजा की आधी आबादी आ गई राफा में

गाजा पट्टी की आधी से अधिक आबादी राफा में आ गई है, जो मिस्र से लगता एक शहर है। इसकी ज्यादातर सीमा प्रतिबंधित है और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए मुख्य प्रवेश बिंदु है। मिस्र ने चेतावनी दी है कि यहां कोई भी जमीनी कार्रवाई या सीमा पार बड़े पैमाने पर विस्थापन की घटना इजरायल के साथ उसकी 40 साल पुरानी शांति संधि को कमजोर कर देगी।

अब तक 12 हजार से ज्यादा नाबालिग फिलिस्तीनी मारे गए

कुवैती अस्पताल के अनुसार, हमलों में दो महिलाओं और पांच बच्चों सहित कम से कम 13 लोग मारे गए। इजराइल के चार महीने से जारी हवाई और जमीनी हमलों में 27,000 से अधिक फिलिस्तीनी लोग मारे गए। इजराइल के हमलों ने अधिकांश लोगों को उनके घरों को छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल के युद्ध में 12,300 से अधिक फिलिस्तीनी नाबालिग मारे गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश