1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Gaza सिटी पर इजरायली सेना का कहर, ताजा हमले में 12 बच्चों समेत कम से कम 32 लोगों की मौत

Gaza सिटी पर इजरायली सेना का कहर, ताजा हमले में 12 बच्चों समेत कम से कम 32 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 13, 2025 03:35 pm IST,  Updated : Sep 13, 2025 03:35 pm IST

गाज़ा सिटी पर इज़रायल की सैन्य कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है, लेकिन इससे बंधकों की रिहाई, मानवीय संकट, और राजनीतिक समाधान और भी जटिल हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र और कई मानवाधिकार संगठनों ने तत्काल युद्धविराम और संघर्ष के राजनीतिक समाधान की अपील की है।

गाजा पर इजरायली सेना का बड़ा हमला ।- India TV Hindi
गाजा पर इजरायली सेना का बड़ा हमला । Image Source : AP

दीर अल-बलाह (गाज़ा पट्टी): इज़रायली सेना ने गाज़ा सिटी पर हवाई हमलों को और तेज कर दिया है। ताजा हमले में शनिवार को गाजा में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 12 बच्चे शामिल हैं। ये जानकारी शिफा अस्पताल के मुर्दाघर से मिली, जहां शव लाए गए।

कहां-कहां गिरे बम

शेख रदवान मोहल्ले में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे और उनकी मां शामिल थीं। शहर के कई ऊंचे भवनों को नष्ट कर दिया गया है। इज़रायल का दावा है कि इनमें हमास की निगरानी प्रणाली लगी थी। धुएं के बादल और तबाही के दृश्य स्थानीय मीडिया और चश्मदीदों द्वारा साझा किए गए।

गाजा में क्या है इज़रायल की रणनीति

इज़रायल ने गाज़ा सिटी के निवासियों को "तत्काल शहर छोड़ने" का निर्देश दिया है और उन्हें दक्षिण की ओर "मानवीय क्षेत्र" में जाने को कहा है। सेना के प्रवक्ता अविचाय अडरई ने बताया कि अब तक 2.5 लाख से अधिक लोग गाज़ा सिटी छोड़ चुके हैं (जबकि अनुमानित जनसंख्या करीब 10 लाख थी)।

गाजा में गहराया मानवीय संकट

संयुक्त राष्ट्र (UN) का अनुमान है कि मध्य अगस्त से मध्य सितंबर तक 1 लाख से अधिक लोग गाज़ा सिटी से पलायन कर गए हैं। दक्षिणी गाज़ा की स्थिति बेहद खराब है। UN की एक योजना के अनुसार, 86,000 से अधिक टेंट और राहत सामग्री अभी भी गाज़ा में प्रवेश की अनुमति का इंतजार कर रही है।

गाजा में अब कितने इजरायली बंधक

गाज़ा में अभी भी 48 इजरायली बंधक मौजूद हैं, जिनमें से करीब 20 के जीवित होने की संभावना है। बंधकों के परिजन इज़रायल से सैन्य अभियान रोकने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि उनके रिश्तेदार हवाई हमलों में मारे जा सकते हैं। यह युद्ध 7 अक्टूबर 2023 को तब शुरू हुआ जब हमास के आतंकवादियों ने दक्षिणी इज़रायल पर हमला किया, जिसमें 1,200 से अधिक लोग मारे गए और 251 बंधक बना लिए गए। जवाबी कार्रवाई में इज़राइल ने व्यापक सैन्य अभियान चलाया, जिसमें अब तक 64,700 से अधिक फिलीस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जिनमें लगभग आधी संख्या महिलाएं और बच्चे हैं।गाज़ा की लगभग 90% आबादी (करीब 20 लाख लोग) बेघर हो चुकी है।(AP)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश