जॉर्डन-इजराइल सीमा पर जॉर्डन की सेना ने कथित तौर पर एक भारतीय नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी है। मृत व्यक्ति केरल का रहने वाला था और उसके रिश्तेदारों ने इस घटना के बारे में जानाकरी दी है। जॉर्डन में मृत शख्स की पहचान केरल के थुंबा के रहने वाले 47 वर्षीय एनी थॉमस गेब्रियल के रूप में हुई है। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में विस्तार से।
जॉर्डन में स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना के बारे में जानकारी साझा की है। दूतावास ने X पर लिखा- "हमें दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु के बारे में पता चला है। दूतावास मृतक के परिवार के संपर्क में है और मृतक के अवशेषों के परिवहन के लिए जॉर्डन के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।"
मृतक गेब्रियल के परिवार ने बताया है कि उन्हें बीते 1 मार्च को भारतीय दूतावास की ओर से एक ईमेल मिला जिसमें एनी थॉमस गेब्रियल की मौत की पुष्टि की गई। एक रिश्तेदार ने बताया- ‘‘हमें जॉर्डन में भारतीय दूतावास से एनी की मौत के बारे में एक ईमेल मिला, लेकिन उसके बाद कोई और जानकारी नहीं मिली है।’’ जानकारी के मुताबिक, ये घटना 10 फरवरी को हुई थी जब जॉर्डन के सैनिकों ने सीमा पर गोलीबारी की। परिवार के सूत्रों ने बताया है कि गेब्रियल के रिश्तेदार एडिसन को भी गोली मारी गई है। हालांकि, वह बच गया है और घायल अवस्था में घर लौट आया है।
गेब्रियल के रिश्तेदार के मुताबिक, वह पांच फरवरी को तमिलनाडु में ईसाई धार्मिक स्थल वेलंकन्नी जाने की बात कह कर निकला था। टीवी की खबरों के अनुसार, गेब्रियल और एडिसन चार लोगों के समूह का हिस्सा थे। वे एक एजेंट की मदद से जॉर्डन से इजराइल की सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। चारों तीन माह के पर्यटक वीजा पर जॉर्डन पहुंचे थे। जॉर्डन की सेना ने उन्हें सीमा पर रोक लिया, लेकिन जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे, तो सैनिकों ने उन पर गोलियां चला दीं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढे़ं- पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने पहली बार मांगी वैश्विक मदद, जानें किया कौन सा आह्वान
पाकिस्तान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, पंजाब प्रांत में एक साथ गिरफ्तार किए 20 आतंकी
संपादक की पसंद