1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Hajj 2025: हज के लिए दुनिया भर से सऊदी अरब पहुंचे 15 लाख से ज्यादा मुसलमान

Hajj 2025: हज के लिए दुनिया भर से सऊदी अरब पहुंचे 15 लाख से ज्यादा मुसलमान

 Published : Jun 05, 2025 12:22 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 12:22 pm IST

सऊदी अरब में भीषण गर्मी के बीच हज यात्रा की शुरुआत हो गई है। हज के लिए दुनिया भर से 15 लाख से ज्यादा मुसलमान सऊदी अरब पहुंच चुके हैं। सऊदी अरब से भी हज यात्रियों के शामिल होने के कारण यह संख्या और भी बढ़ सकती है।

सऊदी अरब हज करने पहुंचे लोग- India TV Hindi
सऊदी अरब हज करने पहुंचे लोग Image Source : AP

अराफात (सऊदी अरब): इस साल हज करने के लिए दुनिया भर से 15 लाख से ज्यादा जायरीन सऊदी अरब पहुंचे हैं। सऊदी सरकार के एक प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी दी है। हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और आर्थिक एवं शारीरिक तौर पर सक्षम मुस्लिम के लिए यह जरूरी माना जाता है कि वह जीवन में कम से कम एक बार हज करे। गर्मी को देखते हुए सऊदी सरकार ने इस वर्ष हाजियों के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 

सऊदी अरब में है भीषण गर्मी

हज मंत्रालय के प्रवक्ता गस्सान अल नौइमी ने विदेशी हज यात्रियों की अनुमानित संख्या के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने यह नहीं बताया कि सऊदी अरब के कितने लोग इस साल हज कर रहे हैं। पिछले साल दुनिया भर के 16 लाख से ज्यादा मुस्लिमों ने हज किया था। हज यात्री बुधवार को अराफात पहुंचने लगे। करीब 40 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में कुछ लोग पैदल यात्रा कर रहे थे तो अन्य लोग बुजुर्गों को साथ लेकर चल रहे थे। 

सऊदी अरब में हज के लिए पहुंची महिला
Image Source : APसऊदी अरब में हज के लिए पहुंची महिला

इस्लाम में क्यों है ‘माउंट अराफात’ का महत्व

मक्का के दक्षिण-पूर्व में स्थित पहाड़ी ‘माउंट अराफात’ का इस्लाम में बहुत महत्व है। अराफात का जिक्र कुरान में भी किया गया है और कहा जाता है कि यहीं पर पैगंबर मोहम्मद ने अपने अंतिम हज के दौरान अपना अंतिम खुतबा (उपदेश) दिया था। पैगंबर की पारंपरिक उक्तियों के अनुसार, अराफात का दिन साल का सबसे पवित्र दिन होता है, जब अल्लाह जायरीनों के करीब आते हैं और उनके गुनाहों को माफ करते हैं। हज यात्री आधी रात से लेकर सूर्यास्त तक अराफात में इबादत करेंगे। 

रेगिस्तानी मैदान में जाएंगे हज यात्री

हज यात्री बृहस्पतिवार को सूर्यास्त के बाद कंकड़ियां इकट्ठा करने के लिए मुजदलिफा के रेगिस्तानी मैदान में जाएंगे, जिसका इस्तेमाल वो शैतान को कंकड़ियां मारने की रस्म के लिए करेंगे। इस बीच यहां यह भी बता दें कि, वर्ष 2023 में 18 लाख से अधिक लोगों ने हज किया था। 2019 में हाजियों की संख्या 24 लाख से अधिक थी। (एपी)

यह भी पढ़ें:

हाथी को लगी भूख तो जंगल छोड़ किराना शॉप में घुस गए गजराज, फिर जो हुआ वो आप VIDEO में देखें

न्यूजीलैंड की महिला सांसद ने पार्लियामेंट में दिखा दी अपनी ही AI जनरेटेड न्यूड फोटो, इसके पीछे का कारण जान लीजिए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश