दुबई/तेल अवीव: लेबनान की शिया संगठन हिजबुल्लाह ने शनिवार को बताया कि उसके दिवंगत नेता हसन नसरल्लाह का मुख्य सुरक्षाकर्मी अबू अली खलील ईरान में एक इजरायली हवाई हमले में मारा गया है। अबू अली खलील को अबू अली जवाद के नाम से भी जाना जाता था। हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने बताया कि अबू अली इराक से ईरान गया था, जहां शनिवार को वह हमले की चपेट में आ गया। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि उसे मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी।
Related Stories
बता दें कि अबू अली कई सालों तक नसरल्लाह के साथ उसके ज्यादातर सार्वजनिक कार्यक्रमों में उसकी सुरक्षा में तैनात रहता था। सितंबर में बेरूत के एक उपनगर में इजरायली हवाई हमले में नसरल्लाह की मौत के बाद, अबू अली को बेरूत में नसरल्लाह की कब्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
हूती विद्रोहियों ने अमेरिका को धमकाया
उधर, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में हिस्सा लिया, तो वे लाल सागर में अमेरिकी जहाजों और युद्धपोतों पर हमले शुरू कर देंगे। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो में कहा, 'अगर अमेरिका इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमला करता है, तो हमारी सेनाएं लाल सागर में उनके जहाजों को निशाना बनाएंगी।' यह बयान तब आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायल के साथ मिलकर सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।
ईरान में जर्मन साइकिल यात्री हिरासत में
एक अन्य खबर में ईरान ने पहली बार स्वीकार किया है कि उसने एक जर्मन साइकिल यात्री को जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि यह गिरफ्तारी मार्काजी प्रांत में हुई, जहां ईरान का अराक हैवी वॉटर रिएक्टर स्थित है। जर्मन न्यूज एजेंसी डीपीए के मुताबिक, यह गिरफ्तारी पिछले साल हुई थी। ईरान का यह कदम शायद जर्मनी पर दबाव बनाने की कोशिश है, क्योंकि जर्मनी उन देशों में शामिल है जो ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत में हिस्सा ले रहे हैं। जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।