Nepal Election 2026: नेपाल में 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा के आम चुनाव से पहले मधेस प्रांत के महोत्तरी जिले में एक संदिग्ध विस्फोट ने सुरक्षा एजेंसियों और राजनीतिक दलों के बीच चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर बार्दिबास-1 स्थित रातो पुल के पास एक अज्ञात लाल रंग की वस्तु में विस्फोट हो गया, जिसमें दो पैदल यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक किसी भी संगठन या समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
महोत्तरी जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, घटना उस समय हुई जब तीन पैदल यात्री राजमार्ग पर चल रहे थे। पुल के पश्चिमी छोर से लगभग 50 मीटर पूर्व में सड़क किनारे दो लाल रंग की संदिग्ध वस्तुएं पड़ी हुई थीं। इनमें से एक को अनजाने में पैर से छूने या ठोकर मारने पर विस्फोट हो गया। विस्फोट से बिखरे हुए धातु के टुकड़ों से दो युवकों को चोटें आई हैं। घायलों की पहचान 17 वर्षीय संदेश चौधरी और 24 वर्षीय समीर चौधरी के रूप में हुई है। दोनों कैलाली जिले के निवासी हैं। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के बाद मौके पर पहुंची टीम ने दूसरी संदिग्ध वस्तु को भी देखा, जिसे नेपाली सेना की बम निरोधक इकाई ने सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। इससे किसी अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। प्रारंभिक जांच में वस्तुओं को आईईडी जैसा बताया जा रहा है, लेकिन विस्फोटक की प्रकृति, इसे रखने वाले का मकसद और इसका चुनाव से संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब नेपाल में चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चुनाव आयोग ने मतदान सामग्री, बैलट पेपर और सुरक्षा बलों को सभी 165 निर्वाचन क्षेत्रों में पहुंचा दिया है। सरकार ने 4 मार्च की आधी रात से मतदान समाप्त होने तक सार्वजनिक और निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। मधेस प्रांत, जिसमें महोत्तरी जिला शामिल है, लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता और अलगाववादी मांगों का केंद्र रहा है। फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
माना जा रहा है कि विस्फोट चुनाव को प्रभावित करने या भय का माहौल बनाने की कोशिश हो सकती है। नेपाल के प्रमुख सियासी दलों ने इस घटना की निंदा की है और शांतिपूर्ण मतदान की अपील की है। चुनाव आयोग ने सभी पक्षों से संयम बरतने और कानून का पालन करने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा। आम चुनाव में करीब 1.8 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:
ब्रिटेन के बेस पर हमले के बाद PM स्टार्मर का बड़ा फैसला, कहा- 'भेज रहे युद्धपोत और हेलीकॉप्टर'मिडिल ईस्ट में और भड़केगी जंग, ट्रंप बोले- 'ईरान के साथ बातचीत के लिए अब हो चुकी है बहुत देर'
संपादक की पसंद