1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'आपकी गर्मजोशी भरी बधाई के लिए धन्यवाद', PM मोदी से बोले नेपाल की RSP पार्टी के नेता, जानें और क्या कहा

'आपकी गर्मजोशी भरी बधाई के लिए धन्यवाद', PM मोदी से बोले नेपाल की RSP पार्टी के नेता, जानें और क्या कहा

 Published : Mar 10, 2026 07:35 am IST,  Updated : Mar 10, 2026 07:35 am IST

नेपाल के संसदीय चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को बड़ी जीत मिली है और वह दो-तिहाई बहुमत के करीब है। RSP अध्यक्ष रवि लामिछाने ने पीएम नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश के लिए धन्यवाद देते हुए भारत-नेपाल संबंधों को कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग के जरिए नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही।

Nepal election result, Nepal elections 2026, Rabi Lamichhane, RSP party Nepal- India TV Hindi
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी रवि लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है। Image Source : PTI/X.COM/HAMRORABI

काठमांडू: नेपाल के हालिया संसदीय चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी यानी कि RSP ने शानदार जीत हासिल की है। पार्टी अब दो-तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गई है और यह तय हो चुका है कि नेपाल में नई सरकार RSP ही बनाएगी। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RSP नेताओं को चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी थी जिसका पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने जवाब दिया है। लामिछाने ने PM मोदी के बधाई संदेश का शुक्रिया अदा करते हुए कहा है कि वे दोनों देशों के बीच साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

रवि लामिछाने ने दिया बधाई का जवाब

RSP के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा,'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आपकी गर्मजोशी भरी बधाई और नेपाली लोगों के लोकतांत्रिक फैसले को मान्यता देने के लिए धन्यवाद। RSP और हमारी सरकार आपसी सम्मान और साझा समृद्धि पर आधारित रिश्ते को मजबूत करने के लिए समर्पित रहेगी। हम 'विकास कूटनीति' को प्राथमिकता देंगे। हम भारत के साथ ऐसी साझेदारी की उम्मीद करते हैं जो कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक पर्यटन, ऊर्जा और व्यापार में सहयोग से नई ऊंचाइयों को छुए, ताकि दोनों देशों के लोगों का भविष्य समृद्ध हो।'

पीएम नरेंद्र मोदी ने की थी फोन पर बात

बता दें कि इससे पहले PM मोदी ने सोमवार को फोन पर लामिछाने और RSP के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह से बात की थी। पीएम मोदी ने 'X' पर लिखा, 'मैंने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष श्री रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता श्री बालेंद्र शाह से फोन पर गर्मजोशी भरी बातचीत की। दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और RSP की शानदार सफलता पर बधाई दी। नए सरकार के लिए शुभकामनाएं और दोनों देशों की समृद्धि, प्रगति व कल्याण के लिए भारत के साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई। मैं आश्वस्त हूं कि हमारे संयुक्त प्रयासों से भारत-नेपाल संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।'

RSP को हासिल हुई है बहुत बड़ी जीत

नेपाल के प्रतिनिधि सभा चुनाव में 5 मार्च को मतदान हुआ था। इसमें 165 सीटें फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट (FPTP) और 110 सीटें अनुपातिक प्रतिनिधित्व (PR) के आधार पर हैं। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, FPTP में RSP ने 124 सीटें जीती हैं और एक और सीट पर आगे है। नेपाली कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं और वह एक पर आगे है, CPN-UML को 8 सीटें मिली हैं और वह भी एक सीट पर आगे है। इसके अलावा नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 7, श्रम संस्कृति पार्टी को 3, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 1 सीट मिली है जबकि एक निर्दलीय कैंडिडेट महाबीर पुन भी चुने गए हैं।

नेपाल में पुरानी पार्टियों को लगा झटका

बता दें कि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी PR की करीब 60 सीटें जीतने की तरफ बढ़ रही है। इस तरह अगर यही रुझान जारी रहा तो कुल 275 सदस्यीय सदन में RSP को लगभग 185 सीटें मिल सकती हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए किसी भी पार्टी को 184 सीटें चाहिए, यानी RSP एक बहुत बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाने की राह पर है। यह चुनाव नेपाल में पारंपरिक पार्टियों के लिए बड़ा झटका है, जबकि RSP जैसी नई पार्टी ने युवाओं और बदलाव की चाह रखने वालों का समर्थन हासिल किया है। अब देखना यह है कि नेपाल के इस सियासी परिवर्तन का भारत के साथ उसके रिश्तों पर कैसा असर पड़ता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश